घर में युवक ने लगाई फांसी, वाहन की टक्कर में एक की मौत

Young man hanged in the house, one killed in the road accident
घर में युवक ने लगाई फांसी, वाहन की टक्कर में एक की मौत
घर में युवक ने लगाई फांसी, वाहन की टक्कर में एक की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। स्थानीय नया पुलिस थाना कामठी अंतर्गत आने वाले येरखेड़ा परिसर में गुरुवार की शाम एक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन यात्रा समाप्त कर ली। सूत्रों के मुताबिक तेलीपुरा, येरखेड़ा में अमित केशव खंते (27) उप्पलवाड़ी में एक निजी कंपनी में काम करता था। गुरुवार की सुबह वह काम से लौटा तब तक वह ठीक था। अमित की मां अपने नियमित का पर चली गई। शाम करीब 6 बजे जब अमित की मां काम से लौटी और घर का दरवाजा खोला तो अमित घर के कमरे में लोहे के एंगल से लटकता हुआ नजर आया। यह नजारा देख अमित की मां जोर-जोर से चीखने लगी। शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने अमित का शव नीचे उतारा लेकिन, तब तक अमित अपने प्राण गंवा चुका था। घटना की जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेज दिया। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उधर नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय महामार्ग पर देवलापार से 3 किमी की दूरी पर कट्टा ग्राम क्षेत्र में गुरुवार की शाम 6.30 बजे के करीब राष्ट्रीय महामार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक का नाम ताराचंद यशवंत कोडवते (50) सिल्लारी निवासी बताया जा रहा है। गुरुवार को देवलापार ग्राम में मंडई का उत्सव होने से ताराचंद देवलापार आए थे। वापस जाते समय अज्ञात वाहन ने कट्टा परिसर में जोरदार टक्कर मार दी जिससे ताराचंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनका व्यवसाय खेती है। हादसे की जानकारी पुलिस को मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उन्हें देवलापार ग्रामीण चिकित्सालय में भर्ती कराया गया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ताराचंद के परिवार में उनके दो बच्चे और पत्नी है।
 

डीसीपी पथक ने पकड़ा 10 टन मांस, एक गिरफ्तार

कामठी में गुरुवार को पेट्रोलिंग के दौरान परिमंडल 5 के डीसीपी के विशेष पथक ने कटे हुए मवेशियों का मांस ढुलाई करते हुए एक ट्रक जब्त किया। ट्रक में 10 टन मांस पाया गया था। इस मामले में पुलिस ने एक अारोपी को गिरफ्तार कर कुल 31 लाख 50 हजार का माल जब्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर शहर पुलिस परिमंडल 5 के डीसीपी निलोत्पल द्वारा गठित विशेष पथक के सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत अन्नाछत्रे, सूरज भारती, चेतन, विनोद, प्रभाकर, रवि राऊत, योगेश तातोड और मृदुल नगरे राष्ट्रीय महामार्ग स्थित गरुड़ चौक पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस बीच उन्हें खबर मिली कि, कोलसाटाल के स्लाटर हाउस परिसर से कुछ लोग पिकअप वाहन से मवेशियों का कटा हुआ मांस लाकर एक 10 चक्का ट्रक में ढुलाई कर रहे हैं। खबर मिलते ही पुलिस ने बताए गए घटनास्थल पर घेराबंदी कर छापा मारा। पुलिस को देखते ही 5 से 6 लोग वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने पीछा करके एक व्यक्ति को धरदबोचा। वहां रखे 10 चक्का ट्रक क्रमांक एमएच-40, वाई-9082 की तलाशी ली तो पुलिस को ट्रक में मवेशियों का कटा हुआ करीब 10 टन मांस मिला। पुलिस ने ट्रक थाने में जमा किया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक की कीमत 16 लाख 50 हजार रुपए और मांस की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी है। गिरफ्तार आराेपी का नाम एहसान खान व. सुलतान खान (32) बोरी तहसील बरघाट, जिला सिवनी (मध्यप्रदेश) बताया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए आरोपी ट्रक मालिक, माल मालिक के खिलाफ 11 (1) (ल) भारतीय पशु को निर्दयता से परिवहन करने के प्रतिबंधित अधिनियम 1960, सहधारा 5, 5 (क) 9, 9 (अ), 9 (ब) महाराष्ट्र प्राणी सुरक्षा अधिनियम 1995 सुधार कानून 2015 सहधारा 83/177 के तहत कामठी के जूना पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है।

Created On :   31 Oct 2019 4:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story