पंजाब सरकार का बाढ़ राहत अभियान 'मिशन चढ़दी कला' में बढ़ रहा समर्थन

चंडीगढ़, 27 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए राज्य सरकार ने विशेष अभियान 'मिशन चढ़दी कला' शुरू किया है। इस मिशन का मकसद राज्य को बाढ़ की आपदा से उबारना और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना है।
इस अभियान में अब विभिन्न संगठनों और उद्योगपतियों की भागीदारी बढ़ रही है। इसकी जानकारी सीएमओ पंजाब कार्यालय के आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट के जरिए दी है।
इसी कड़ी में श्री गणेश एडिबल्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी हंस राज गर्ग और वीरेंद्र गर्ग ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को 20 लाख रुपए का चेक भेंट किया है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद भी मौजूद थे, जो इस मिशन के नेतृत्व में कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस उदार सहयोग के लिए कंपनी के अधिकारियों और कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद का आभार जताया। इस बात की जानकारी पंजाब सीएमओ कार्यालय की ओर से दी गई।
पंजाब सीएमओ कार्यालय के आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट के जरिए कहा गया है कि आप भी 'मिशन चढ़दी कला' में योगदान दे सकते हैं।
मिशन चढ़दी कला पंजाब सरकार का एक अहम प्रयास है, जिसमें नेता से लेकर आम जन और सिलेब्रिटी अपनी भागीदारी देकर इस आपदा से उबरने में मदद कर रहे हैं। पंजाब पिछले 40 वर्षों में सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। राज्य सरकार ने सभी विभागों को बाढ़ राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया है।
सीएम भगवंत मान ने अपने आधिकारिक 'एक्स' पोस्ट के जरिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़े की जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि पंजाब सरकार लगातार लोगों की सेवा में हाजिर है।
अगर आप भी इस अभियान में शामिल होना चाहते हैं और बाढ़ पीड़ितों की मदद करना चाहते हैं, तो पंजाब सरकार की ऑफिशियल वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।
Created On :   27 Sept 2025 10:01 PM IST