‘जटाधारा’ का पहला गाना 'धन पिशाची' रिलीज, दिखा सोनाक्षी सिन्हा का पिशाचिनी अवतार

मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘जटाधारा’ का पहला गाना 'धन पिशाची' रिलीज हो गया है। इस गाने को दुर्गा पूजा के मौके पर रिलीज किया गया है। गाने में सोनाक्षी सिन्हा धन की रक्षा करने वाली एक पिशाचिनी के रूप में दिखाई दे रही हैं।
'धन पिसाशाची' गाने में सोनाक्षी सिन्हा का उग्र अवतार दिखाई दे रहा है। उनके भाव, कातिलाना बॉडी लैंग्वेज और डांस मूव्स इस गाने को एक नए स्तर पर ले जाते हैं। मधुबंती बागची 'धन पिशाची' की सिंगर हैं। इस गाने को समीरा कोप्पिकर ने कंपोज किया है।
गाने के बारे में बात करते हुए समीरा कोप्पिकर ने कहा, "यह एक अनूठा और आनंदमय अनुभव था। 'दिव्य स्त्री ऊर्जा' को व्यक्त करना, खासकर 'धन पिशाची' के लिए एक तांडव गीत के रूप में, यह मेरे लिए बेहद खास रहा। यह चुनौतीपूर्ण तो था, लेकिन बेहद संतोषजनक भी था। दिव्य आत्मा को संगीत के माध्यम से जीवंत करना, इसके लिए थोड़ा शोध करना और अपनी सीमाओं को पार करना जरूरी था। मुझे यह प्रक्रिया बहुत पसंद आई।"
उन्होंने आगे कहा, 'धन पिशाची' से जुड़े सभी लोगों ने महसूस किया कि मैंने उनके संक्षिप्त विवरण को बखूबी उभारा है और उनके 'विजन' के सार को पकड़ा है। इस देवी की शक्ति, तीव्रता, क्रोध और विद्युत ऊर्जा को मैंने पूरी तरह से व्यक्त किया।
इस गाने से पहले फिल्म की एक धुन भी रिलीज की गई थी। इसे सोल ऑफ जटाधारा कहा जा रहा है। निर्माता वेंकट कल्याण और अभिषेक जायसवाल ने इसे रिलीज किया था। 'सोल ऑफ जटाधारा' दर्शकों को ‘जटाधारा’ की दुनिया में ले जाता है।
‘जटाधारा’ में दिव्या खोसला, शिल्पा शिरोडकर, इंदिरा कृष्णा, रवि प्रकाश, नवीन नेनी, रोहित पाठक, झांसी, राजीव कनकाला और सुभलेखा सुधाकर जैसे सितारे भी हैं। इसके निर्देशक अभिषेक जायसवाल और वेंकट कल्याण हैं। इसे जी स्टूडियोज और प्रेरणा अरोड़ा ने प्रोड्यूस किया है। अभिनेता सुधीर बाबू इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते दिखाई देंगे। यह फिल्म 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘जटाधारा’ को जी स्टूडियो ने प्रस्तुत किया है। यह फिल्म हिंदी और तेलुगु दोनों भाषाओं में रिलीज होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2025 6:53 PM IST