रूसी ड्रोन और मिसाइलों के खिलाफ एक विश्वसनीय रक्षा प्रणाली बनाना जरूरी जेलेंस्की

यूक्रेन, 30 सितंबर (आईएएनएस)। रूस और यूक्रेन के बीच साल 2022 से युद्ध जारी है। रूस की तरफ से लगातार हो रहे हमलों के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दनीप्रो में रूसी ड्रोन से किए गए हमले के बाद बचाव दल और सभी आपातकालीन सेवाएं राहत कार्य में जुटी हैं। यह दिनदहाड़े किया गया एक बेशर्मी वाला हमला है, जिसमें नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया है।
जेलेंस्की ने लिखा कि अब तक 10 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। सभी को आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल रही है।
ऐसे हर हमले के साथ, रूस बार-बार यह साबित करता है कि उसे कड़े दबाव का सामना करना होगा। ऐसे हमले यह भी दर्शाते हैं कि रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को और ज्यादा कड़ा होना चाहिए और यूरोप में हम सभी को रूसी ड्रोन एवं मिसाइलों के खिलाफ एक विश्वसनीय रक्षा प्रणाली बनानी होगी, ताकि कोई भी देश इस खतरे के खिलाफ अकेला न खड़ा हो।
उन्होंने लिखा कि संयुक्त कार्रवाई जरूरी है। एकजुट और कड़ी कार्रवाई से ही इन आतंकवादियों को हराया जा सकता है। रूस को उसके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
इससे पहले रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस को संबोधित करते हुए रूस के खिलाफ साजिश करने वाले देशों को चेतावनी दी थी। साथ ही उन्होंने यूक्रेन पर हमले रोकने के लिए शर्तें रखी थीं।
रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने कहा था कि रूस के खिलाफ किसी भी आक्रमण का दृढ़ता से जवाब दिया जाएगा।
शिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, उन्होंने कहा था कि पश्चिमी देश रूस के खिलाफ बल प्रयोग की धमकियां लगातार दे रहे हैं और मास्को पर नाटो और यूरोपीय संघ के देशों पर हमला करने की योजना बनाने का आरोप लगा रहे हैं।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बार-बार इस तरह के उकसावे को खारिज किया। लावरोव ने कहा कि रूस का ऐसा कोई इरादा न तो कभी था और न ही है।
रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर लावरोव ने कहा, "जैसा कि राष्ट्रपति ने बार-बार कहा है कि रूस शुरू से ही संघर्ष के मूल कारणों को खत्म करने के लिए बातचीत के लिए तैयार रहा है और रहेगा।"
लावरोव ने कहा कि रूस की सुरक्षा और महत्वपूर्ण हितों की विश्वसनीय गारंटी होनी चाहिए। यूक्रेन के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में रूसियों और रूसी भाषी लोगों के अधिकारों को बहाल किया जाना चाहिए और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। इस आधार पर हम यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी पर बात करने के लिए तैयार हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Sept 2025 11:36 PM IST