अवनीत कौर और शांतनु माहेश्वरी ने किया इस मशहूर गाने को रीक्रिएट

मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री अवनीत कौर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। इसी बीच उन्होंने एक नया वीडियो पोस्ट किया।
वीडियो में वह अभिनेता शांतनु माहेश्वरी के साथ मिलकर 1959 की फिल्म 'बरखा' के मशहूर गाने 'तड़पाओगे तड़पा लो' पर शानदार अंदाज में एक्ट करती नजर आ रही हैं।
अवनीत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो को शेयर किया, जिसमें वह और शांतनु माहेश्वरी हल्की-फुल्की नोक-झोक के साथ गाने के बोल पर भावपूर्ण अभिनय करते दिख रहे हैं। वीडियो में दोनों की केमिस्ट्री काफी अच्छी लग रही है।
अवनीत ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, "सिम्मी का गाना।"
बता दें कि यह गाना इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी ट्रेंड कर रहा है। कई इंफ्लूएंसर्स, सोशल मीडिया यूजर्स, और सेलेब्रिटीज इस गाने पर अपने वीडियो बना चुके हैं। इस गाने का भावपूर्ण अंदाज और बोल आज भी लोगों के दिलों को छूता है, यही वजह है कि यह गाना आज की पीढ़ी में भी इतना लोकप्रिय हो रहा है।
गाना 'तड़पाओगे तड़पा लो' साल 1959 में रिलीज हुई फिल्म 'बरखा' का है, जिसे स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने अपनी मधुर आवाज में गाया था। गाने के बोल मशहूर गीतकार राजेंद्र कृष्णन ने लिखे थे, जबकि इसका संगीत चित्रगुप्त ने तैयार किया था।
'बरखा' फिल्म का निर्देशन मशहूर जोड़ी कृष्णन-पंजू ने किया था, जबकि इसका निर्माण एवी मयप्पन ने किया था। यह फिल्म उस दौर की एक यादगार प्रेम कहानी थी, जिसके संगीत और गीतों ने दर्शकों का दिल जीता था। यह तमिल फिल्म 'थाई पिरंधल वाझी पिरक्कम' (1958) का रीमेक है। फिल्म में जगदीप और नंदा जैसे कलाकार थे, और इसका संगीत चित्रगुप्त ने दिया था।
फैंस को अवनीत का यह वीडियो काफी पसंद आ रहा है। वे कमेंट सेक्शन पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अवनीत अक्सर अपने डांस और अभिनय से फैंस का मनोरंजन करती रही हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2025 8:13 PM IST