राहुल गांधी के पिछले दस वर्षों के विदेश दौरों की जांच हो निशिकांत दुबे

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य सांसदों के विदेश दौरे को लेकर बड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी और कुछ अन्य सांसद बिना भारत सरकार की अनुमति के विदेशों का दौरा कर रहे हैं, जो ठीक नहीं है और इसकी जांच होनी चाहिए।
सांसद दुबे ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट किया कि राहुल गांधी और अन्य सांसद जो विदेशों में अध्ययन भ्रमण (स्टडी टूर) के नाम पर घूमते हैं, वे सरकार को जानकारी दिए बिना विदेश यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से इस मामले की जानकारी लेने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
निशिकांत दुबे ने एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उदाहरण भी पेश किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1986 में जब राजीव गांधी सरकार सत्ता में थी, तब बिना अनुमति के विदेश दौरे के कारण दो केंद्रीय मंत्री चंदूलाल चंद्राकर (राज्य मंत्री, ग्रामीण विकास) और केपी सिंह देव (राज्य मंत्री, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) को इस्तीफा देना पड़ा था। इसके साथ ही उस समय के इलेक्ट्रॉनिक्स आयोग के अध्यक्ष एमएस संजीवी राव को भी पद छोड़ना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि उस दौर में एक व्यक्ति रामस्वरूप ने इन्हें चीन, ताइवान, कोरिया और हांगकांग का मुखबिर बनाकर देश के खिलाफ जासूसी करने का आरोप लगाया था। यह घटना उस समय के लिए बेहद गंभीर थी और इसे लेकर कड़ा रुख अपनाया गया था।
निशिकांत दुबे ने वर्तमान संदर्भ में राहुल गांधी के पिछले दस वर्षों के विदेश दौरों की भी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बिना सरकार की अनुमति के विदेशी यात्राएं की जा रही हैं, तो यह देश की सुरक्षा और संवैधानिक नियमों के खिलाफ है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को भी टैग किया है।
यह पोस्ट आते ही राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। विपक्षी दलों के बीच भी इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई विशेषज्ञों का मानना है कि विदेश दौरों की पारदर्शिता और अनुमति प्रक्रिया को सख्ती से लागू करने की जरूरत है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2025 11:33 AM IST