पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा का निधन, सीएम भगवंत मान समेत कई हस्तियों ने जताया दुख

मोहाली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में पंजाब के मशहूर गायक राजवीर जवंदा का बुधवार को निधन हो गया। इस खबर ने पूरे देश, खासकर पंजाब में शोक की लहर दौड़ा दी। लाखों प्रशंसक सदमे में हैं। इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई लोगों ने सोशल मीडिया पर दुख जताया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर दुख जताते हुए लिखा, "प्रसिद्ध पंजाबी गायक राजवीर जवंदा की हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास हुए भयानक सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान हुई मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। पंजाबी संगीत जगत का सितारा हमेशा के लिए लुप्त हो गया। छोटी उम्र में अपने गीतों के जरिए लोगों के दिलों पर राज करने वाले राजवीर की आवाज हमेशा गूंजती रहेगी। वाहेगुरु उनकी आत्मा को अपने चरणों में जगह दें और परिवार व फैंस को यह दर्द सहने की ताकत दें। वाहेगुरु वाहेगुरु।"
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राजवीर की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "यह सुनकर दिल टूट गया कि राजवीर जवंदा अब हमारे बीच नहीं रहे। कई दिनों तक हिम्मत से लड़ने के बाद, वे हमें बहुत जल्दी छोड़कर चले गए। उनकी मधुर आवाज और जिंदादिल अंदाज हमेशा हमारे दिलों में हमेशा रहेगा। राजवीर, आपकी आत्मा को शांति मिले।"
अभिनेत्री सरगुन मेहता ने इंस्टाग्राम पर उनकी फोटो शेयर कर लिखा, "आप बहुत जल्दी हमें छोड़कर चले गए। आपकी आवाज हमेशा पंजाब में गूंजती रहेगी। वाहेगुरु आपकी आत्मा को शांति दें और परिवार को इस दुख को सहने की ताकत दें।"
सोनम बाजवा ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर राजवीर की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "एक होनहार, प्रतिभाशाली आत्मा हमें बहुत जल्दी छोड़ गई। राजवीर, आपकी आत्मा को शांति मिले।"
अभिनेता अम्मी विर्क ने इंस्टाग्राम पर राजवीर की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, "बहुत ही दुख के साथ आपको सूचित किया जाता है कि हमारे प्रिय राजवीर जवंदा अब इस दुनिया की यात्रा पूरी कर 8 अक्टूबर को गुरु चरणों में लीन हो गए हैं। उनका अंतिम संस्कार 9 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव पौना, जगरांव (लुधियाना) में किया जाएगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Oct 2025 6:25 PM IST