मणिपुर में जल्द नई सरकार का गठन खोंगबंताबम इबोम्चा सिंह

इंफाल, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। मणिपुर में जल्द ही नई सरकार का गठन किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा विधायक खोंगबंताबम इबोम्चा सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि राष्ट्रपति शासन की वर्तमान अवधि समाप्त होने से पहले मणिपुर में एक लोकप्रिय सरकार बन जाएगी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद इंफाल लौटे पांच भाजपा विधायकों ने मणिपुर में जल्द सरकार के गठन की उम्मीद जताई है। मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है।
भाजपा विधायक खोंगबंताबम इबोम्चा सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस बार हम मणिपुर की वर्तमान राजनीतिक स्थिति से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत कराने के लिए दिल्ली गए थे। यही हमारा पहला उद्देश्य था।
उन्होंने आगे बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र से चल रही शांति प्रक्रिया में तेजी लाने और राज्य में एक लोकप्रिय सरकार बनाने का आग्रह किया है, जिसके बाद केंद्र ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही लोकप्रिय सरकार बनाई जाएगी। मैं बस इतना कह सकता हूं कि राष्ट्रपति शासन की मौजूदा अवधि समाप्त होने से पहले ही सरकार बन जाएगी। यह बहुत जल्द हो सकता है।
मणिपुर के लगभग 26 भाजपा विधायक पिछले हफ्ते और इस हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली गए थे ताकि पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मिलकर राज्य में जल्द से जल्द एक लोकप्रिय सरकार बनाने का आग्रह कर सकें।
इसमें से पांच भाजपा विधायक शनिवार को मणिपुर लौट आए थे, इसके बाद बचे हुए विधायक मणिपुर वापस लौट रहे हैं।
दिल्ली दौरे के दौरान विधायकों ने भाजपा के उत्तर-पूर्व प्रभारी और लोकसभा सांसद संबित पात्रा और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष के साथ बैठक की थी, जिसमें उन्होंने मणिपुर के ताजा हालातों के बारे में जानकारी दी और जल्द से जल्द नई सरकार गठन करने का आग्रह किया था।
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने से पहले राज्य में पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व में भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Oct 2025 8:12 PM IST