इब्राहीम अलकाजी बर्थडे स्पेशल भारतीय थिएटर को दी पहचान, नसीरुद्दीन से ओम पुरी तक बॉलीवुड को दिए कई सितारे

इब्राहीम अलकाजी बर्थडे स्पेशल भारतीय थिएटर को दी पहचान, नसीरुद्दीन से ओम पुरी तक बॉलीवुड को दिए कई सितारे
इब्राहीम अलकाजी भारतीय थियेटर का ऐसा नाम, जिसे रंगमंच के कई महान कलाकारों को गढ़ने वाला जादूगर बताया गया। उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि आज भी उनके शिष्य उन्हें याद कर भावुक हो जाते हैं। काम के प्रति उनका जुनून और अनुशासन ने उन्हें थिएटर की दुनिया में अमर बना दिया।

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। इब्राहीम अलकाजी भारतीय थियेटर का ऐसा नाम, जिसे रंगमंच के कई महान कलाकारों को गढ़ने वाला जादूगर बताया गया। उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि आज भी उनके शिष्य उन्हें याद कर भावुक हो जाते हैं। काम के प्रति उनका जुनून और अनुशासन ने उन्हें थिएटर की दुनिया में अमर बना दिया।

नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) के पूर्व निदेशक इब्राहीम अलकाजी ने भारतीय थिएटर को नई पहचान दी और नसीरुद्दीन शाह, ओम पुरी, अनुपम खेर जैसे दिग्गजों को गढ़कर रंगमंच की दुनिया में अमरता हासिल की। अलकाजी का कला के प्रति समर्पण आज भी उनके शिष्यों के दिलों में जिंदा है।

18 अक्टूबर 1925 को जन्मे अलकाजी के माता-पिता सऊदी अरब के मूल के थे। परिवार भारत लौटा। अलकाजी एक बड़े मुस्लिम परिवार के नौ भाई-बहनों में से एक थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पुणे से प्राप्त की। थिएटर के प्रति उनकी दीवानगी 1950 के दशक में शुरू हुई। उन्होंने कई नाटकों का निर्देशन किया। 1962 में वे नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के प्रमुख बने और 1977 तक इस पद पर रहे। उनके नेतृत्व में एनएसडी ने आधुनिक भारतीय रंगमंच को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

उनके नाटक धरमवीर भारती का 'अंधा युग', गिरिश कर्नाड के 'तुगलक' रंगमंच की दुनिया में मील का पत्थर साबित हुए। 1977 में एनएसडी छोड़ने के बाद भी वे सक्रिय रहे, लेकिन उन्होंने खुद को हमेशा 'काम तक सीमित' रखा, बिना किसी विवाद या मीडिया हलचल के।

उनका निधन 4 अगस्त 2020 को दिल्ली में 94 वर्ष की आयु में हुआ। थिएटर में उनके योगदान के लिए कई पुरस्कार मिले। उन्हें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री जैसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कहा था कि अलकाजी ने उन्हें अभिनय की आत्मा सिखाई। थिएटर की बारिकियां सिखाने वाले अलकाजी अपने छात्रों को सिखाते थे कि रंगमंच सिर्फ डायलॉग नहीं, बल्कि 'शरीर की भाषा' और 'भावनाओं का विस्फोट' है। उनकी क्लासेस में शारीरिक व्यायाम और इम्प्रोवाइजेशन पर जोर होता था, जो उस समय अनोखा था। अलकाजी की प्रभावशाली शख्सियत और शिक्षण शैली ने न केवल भारतीय रंगमंच को नई दिशा दी, बल्कि असंख्य कलाकारों के जीवन को भी प्रेरित किया।

अभिनेता गोविंद नामदेव ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में अलकाजी से अपनी पहली मुलाकात के यादगार पल साझा किए। उन्होंने कहा कि मेरी अलकाजी साहब से मुलाकात तब हुई, जब मैंने एनएसडी जॉइन किया था। उस समय पंकज कपूर जैसे सीनियर्स और अन्य पुराने छात्रों से भी मुलाकात हुई। अलकाजी साहब का संबोधन करने का अंदाज अद्भुत था।

वे आंखों में आंखें डालकर बात करते थे, जिससे सामने वाला सम्मोहित हो जाता था। उनका बोलने का ढंग इतना प्रभावशाली था कि हम सकपका से जाते थे। जब वे गाड़ी से उतरकर चलते थे तो उनके आसपास सन्नाटा सा छा जाता था। उनकी मौजूदगी ही एक अलग आभा रचती थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Oct 2025 7:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story