जब दीप जलाएं तो शहीदों को भी याद करें, रक्षा मंत्री व सेनाध्यक्ष ने दी दीपावली की बधाई

जब दीप जलाएं तो शहीदों को भी याद करें, रक्षा मंत्री व सेनाध्यक्ष ने दी दीपावली की बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। सेना प्रमुख ने दीपावली के अवसर पर सभी अधिकारियों व जवानों को पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। सेना प्रमुख ने दीपावली के अवसर पर सभी अधिकारियों व जवानों को पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सेना प्रमुख ने अपने संदेश में कहा कि प्रकाश और खुशियों का यह पर्व हमारे जीवन में नई ऊर्जा, अवसरों और सफलता के मार्ग को प्रकाशित करे। उन्होंने कामना की कि दीपावली का यह त्योहार सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और सौहार्द लेकर आए।

जनरल द्विवेदी ने देशवासियों से आह्वान किया कि जब हम दीप जलाएं, तो उन वीर सैनिकों और शहीदों को भी याद करें, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया। गौरतलब है कि पर्व के इस अवसर पर भारतीय थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने उत्तराखंड की पहाड़ियों पर स्थित अग्रिम चौकियों का दौरा किया है।

रविवार देर शाम सेना ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यहां पहुंचकर सेना प्रमुख ने सेना की परिचालन स्थिति व तैयारियों का जायजा लिया। हिमालयी क्षेत्र की अग्रिम चौकियों पर मौजूद सेनाध्यक्ष ने सैनिकों का उत्साहवर्धन किया और नागरिक-सैन्य सहयोग को सुदृढ़ बनाने पर बल दिया। यह दौरा सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पर्वतीय क्षेत्र में किया गया।

इस दौरान सेना प्रमुख ने यहां बर्फीली चोटियों पर तैनात जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और पर्व के अवसर पर उनके साथ समय बिताया। भारतीय सेना के मुताबिक अपने दौरे के दौरान, सेना प्रमुख ने उत्तराखण्ड पिथौरागढ़ और उसके आसपास के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तैनात सैन्य टुकड़ियों की समीक्षा की। दीपावली केवल प्रकाश का उत्सव ही नहीं, बल्कि यह साहस, त्याग और एकता की भावना का प्रतीक भी है।

रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय सेना सदैव राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ देश की सीमाओं की रक्षा में तत्पर है। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दीपावली के अवसर पर अपने संदेश में समस्त देशवासियों को प्रकाश और उल्लास के पावन पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि यह दिव्य दीपोत्सव हमारे जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और समृद्धि का संचार करे, ईश्वर से यही कामना है। दीपावली के अवसर पर मंगल कामना करते हुए उन्होंने कहा कि मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से देश में शांति, एकता और निरंतर प्रगति का दीप सदा प्रज्वलित रहे। वहीं भारतीय वायुसेना ने भी दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Oct 2025 12:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story