झारखंड के गैंग को पाकिस्तान से हो रही हथियारों की सप्लाई, गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार

झारखंड के गैंग को पाकिस्तान से हो रही हथियारों की सप्लाई, गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार
झारखंड में गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के गुर्गों तक पाकिस्तान से हथियारों की सप्लाई हो रही है। इन हथियारों की बदौलत झारखंड के कारोबारियों को धमकाने और उनसे रंगदारी वसूलने के मामले में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी सहित पांच अपराधियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

रांची, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड में गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के गुर्गों तक पाकिस्तान से हथियारों की सप्लाई हो रही है। इन हथियारों की बदौलत झारखंड के कारोबारियों को धमकाने और उनसे रंगदारी वसूलने के मामले में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी सहित पांच अपराधियों को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए अपराधियों में इनामुल हक उर्फ बबलू खान, रवि आनंद उर्फ सिंघा, मो शाहिद उर्फ अफरीदी खान, मो सेराज उर्फ मदन, और गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा शामिल हैं। इनके पास से तीन लोडेड पिस्टल, सात मैगजीन और 13 जिंदा गोलियां बरामद हुईं। रांची पुलिस ने बुधवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

रांची के एसएसपी राकेश रंजन को प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गैंग के अपराधियों के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर उन्होंने एक स्पेशल टीम गठित की, जिसने रांची में पारचुट्ट ओवर ब्रिज के पास काले रंग की टाटा सफारी में बैठे चार अपराधियों को दबोचा।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यूएई में बैठे गैंगस्टर प्रिंस खान और झारखंड में जेल में बंद सुजीत सिन्हा के गिरोह ने कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के लिए हाथ मिला लिया है। प्रिंस खान पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भारत मंगवाता है। इसके बाद इन हथियारों का इस्तेमाल झारखंड समेत देश के अन्य हिस्सों में बड़े कारोबारियों और पूंजीपतियों को डराकर रंगदारी वसूलने के लिए किया जाता है।

रांची में इनामुल हक अपने गुर्गों के साथ इन दोनों गैंग के लिए वसूली करता था। वसूली गई रकम सुजीत सिन्हा के माध्यम से यूएई में बैठे प्रिंस खान तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस ने बताया कि हाल में शहर के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुई हवाई फायरिंग में भी इसी गिरोह का हाथ था। गिरफ्तार अपराधियों में इनामुल हक पहले भी हत्या, हमला और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।

इस कार्रवाई में रांची के डीएसपी संजीव बेसरा, पुलिस इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार, बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास सहित कई पुलिस अफसर और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2025 10:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story