रांची में सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे मुख्य अतिथि

रांची, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली चौथी साउथ एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन (सैफ) सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारियां जोरों पर हैं। इस अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामले विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक बुधवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को औपचारिक रूप से उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण पत्र सौंपा। यह समारोह 24 अक्टूबर को मोरहाबादी के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में शाम 6 बजे से शुरू होगा।
खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने मुख्यमंत्री को आयोजन की तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में दक्षिण एशियाई देशों के शीर्ष एथलीट हिस्सा लेंगे, जिससे झारखंड को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा और आतिथ्य प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिसमें सुरक्षा, यातायात और खिलाड़ियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस आयोजन को झारखंड के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा, "झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करता रहा है। सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का रांची में आयोजन हमारे लिए गर्व की बात है। इसका आयोजन भव्य और शानदार होना चाहिए, ताकि खेल के क्षेत्र में झारखंड की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान स्थापित हो।"
उन्होंने आयोजन समिति को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और खिलाड़ियों व दर्शकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। यह आयोजन न केवल खेल प्रेमियों के लिए उत्साहवर्धक है, बल्कि झारखंड की खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
दूसरी ओर, इस आयोजन को लेकर स्थानीय निवासी भी खासा उत्साहित नजर आ रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2025 10:28 PM IST