छठ पर्व बिहार और पूर्वांचल के साथ पूरे भारत की लोकसंस्कृति का उत्सव सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। छठ महापर्व को देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में छठ महापर्व के आयोजन की समीक्षा बैठक की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि छठ आस्था, अनुशासन और मातृत्व की अमर परंपरा है। हम संकल्पित हैं कि दिल्ली में प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और दिव्य वातावरण मिले।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा आस्था, श्रद्धा और लोकसंस्कृति के महापर्व छठ को अभूतपूर्व भव्यता और दिव्यता के साथ मनाने की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। यह पर्व बिहार और पूर्वांचल की सांस्कृतिक परंपरा के साथ-साथ पूरे भारत की उस लोकसंस्कृति का उत्सव है, जो सूर्य उपासना के माध्यम से प्रकृति, अनुशासन और आस्था का संदेश देती है।
इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि आज प्रेमबाड़ी पुल, सिंगलपुर से मुनक नहर किनारे छठ महापर्व के आयोजन को लेकर तैयारियों का निरीक्षण किया गया। यमुना के तट से लेकर राजधानी के विभिन्न इलाकों में छठ स्थलों पर तैयारियां तीव्र गति से चल रही हैं। टेंट, स्वच्छता, शौचालय, सुरक्षा, जलापूर्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं उच्चतम मानकों पर सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस बार छठ महापर्व केवल आस्था का नहीं, बल्कि अपनत्व, स्वच्छता और समरसता का महाउत्सव होगा। छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज सूर घाट का दौरा किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक घाट पर टेंट, बिजली, स्वच्छता, शौचालय, पेयजल और सुरक्षा की सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बार हमारी सरकार यमुना के तट पर भव्य और दिव्य छठ महापर्व का आयोजन कर रही है। तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं ताकि हर श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण मिल सके। यह पहली बार है जब दिल्ली में यमुना के घाटों पर इतने बड़े स्तर पर छठ पर्व का आयोजन हो रहा है।
उन्होंने लिखा कि जैसे दिल्ली ने पहली बार दीपावली को दीपों की भव्यता और एकता के साथ कर्तव्य पथ पर मनाया, वैसे ही अब आस्था का महापर्व छठ भी उसी श्रद्धा, उसी उत्साह और उसी गरिमा के साथ यमुना किनारे मनाया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2025 11:02 PM IST