राहुल गांधी की सोच भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और लोक आस्था से दूर सीएम रेखा गुप्ता

राहुल गांधी की सोच भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और लोक आस्था से दूर सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में राहुल गांधी ने जिस तरीके से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की है, वह न केवल राजनीतिक अपरिपक्वता का प्रतीक है, बल्कि करोड़ों छठ श्रद्धालुओं की आस्था का भी घोर अपमान है।

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में राहुल गांधी ने जिस तरीके से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की है, वह न केवल राजनीतिक अपरिपक्वता का प्रतीक है, बल्कि करोड़ों छठ श्रद्धालुओं की आस्था का भी घोर अपमान है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व पर उनकी टिप्पणी और मां यमुना को लेकर किया गया उपहास यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि उनकी सोच भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और लोक आस्था से कितनी दूर है। यह वही नकारात्मक प्रवृत्ति है जिसने अतीत में भी छठ जैसे पवित्र पर्वों को नीचा दिखाने का प्रयास किया था, और आज फिर उसी अपमानजनक मानसिकता को दोहराया जा रहा है।

महापर्व छठ के दौरान दिल्ली में बिहार के श्रद्धालुओं ने जिस उत्सव, आस्था और समर्पण के साथ छठी मैया की पूजा की, वह राहुल गांधी को रास नहीं आ रहा है।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में, जिस प्रकार दिल्ली सरकार ने यमुना घाटों पर आस्था और स्वच्छता का जो अद्भुत संगम प्रस्तुत किया है, वह श्रद्धा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बोले गए अपशब्द राहुल गांधी के राजनैतिक दिवालियापन को दर्शाते हैं। ये सिद्ध करता है कि कांग्रेस के पास बिहार के लिए कोई एजेंडा नहीं है, इसलिए सस्ती लोकप्रियता के लिए निजी आरोप लगाने के लिए विवश है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले जहां श्रद्धालु झाग और गंदगी में पूजा करने को विवश थे, वहीं आज वही घाट स्वच्छता, सुविधा और सौंदर्य से परिपूर्ण है। यही संवेदनशीलता भाजपा की संस्कृति है, जहां आस्था का सम्मान राजनीति से हमेशा ऊपर रखा जाता है। यह बयान बिहार और दिल्ली के छठ श्रद्धालुओं की लोक आस्था का अपमान है। उनका यह बयान घोर निंदनीय है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली और देश की जनता आज इस बात से खुश है कि राजधानी में 27 साल बाद इतनी रौनक से छठ मनाई गई। राहुल गांधी के कहने का कोई असर नहीं है। लाखों पूर्वांचल के भाई-बहनों से पूछो कि उनका मन कितना प्रसन्न है। जो कभी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार नहीं कर पाई, वो हमारी आठ महीने की सरकार ने कर दिखाया है। हमने पूर्वांचल के उन लोगों की आस्था का सम्मान किया जो वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Oct 2025 7:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story