बिहार चुनाव 2025 रामगढ़ सीट पर राजद और भाजपा का मुकाबला फिफ्टी-फिफ्टी, इस बार किसकी बारी?
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में रामगढ़ विधानसभा सीट कैमूर जिले के अंतर्गत आती है। इस सीट की खास बात यह है कि पिछले चार चुनाव से यहां पर कभी राजद के उम्मीदवार ने लालटेन जलाई तो कभी भाजपा के उम्मीदवार ने कमल खिलाने का काम किया।
पिछले चार चुनाव में दो बार राजद और दो बार भाजपा उम्मीदवार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंच चुके हैं। साल 2024 के उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की। इस बार चुनावी मैदान में भाजपा-राजद के अलावा कई पार्टियां इस बार चुनाव मैदान में हैं, लेकिन असली जंग तो भाजपा और राजद के उम्मीदवारों के बीच ही है।
भाजपा ने 2024 के उपचुनाव में कमल खिलाने वाले अशोक सिंह पर भरोसा जताया है। वहीं राजद ने अजीत सिंह को टिकट दिया है। साल 2024 में बीएसपी का उम्मीदवार दूसरे, जबकि राजद का उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहा था।
इस सीट पर उपचुनाव इसीलिए हुए थे, क्योंकि 2020 में यहां से विधायक सुधाकर सिंह 2024 का लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंच गए। विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद यह सीट खाली हुई, जिस पर उपचुनाव हुए थे। हालांकि, राजद इस सीट को बचाने में सफल नहीं हो पाई और भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंच गए।
वहीं 2015 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर जीत हासिल की, जबकि 2010 में राजद ने दबदबा बनाया था।
इस बार भाजपा के प्रत्याशी जहां डबल इंजन सरकार के 20 साल के विकास कार्यों को लेकर हैं, वहीं राजद के प्रत्याशी हर घर सरकारी नौकरी दिलाने के दावे के साथ जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
इस विधानसभा क्षेत्र में कुल जनसंख्या 479213 है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस सीट पर कुल वोटर 286371 हैं, जिसमें पुरुष 148410, महिलाएं 137959 और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 2 है।
रामगढ़ एक पिछड़ा ग्रामीण क्षेत्र है, जहां बेरोजगारी और पलायन प्रमुख समस्याएं हैं। यहां के लोग कृषि पर निर्भर हैं, लेकिन बाढ़ जैसी आपदाओं ने किसान को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। यहां के लोग बेरोजगारी की वजह से बिहार से पलायन कर रहे हैं। यहां की जनता को आस है कि बिहार की नई सरकार उनकी विधानसभा में विकास करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Oct 2025 9:29 PM IST












