छपरा में राहुल गांधी की टिप्पणी पर बोले लोग, छठ महापर्व हमारी आस्था का प्रतीक, अपमान बर्दाश्त नहीं
छपरा, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा 'छठ महापर्व' पर दिए गए बयान को लेकर बिहार के छपरा में लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे भारतीय संस्कृति और आस्था का अपमान बताया है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के दौरे को लेकर कहा कि उनके आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होता है।
छपरा निवासी किरण भदौरिया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी रैली में छठ महापर्व पर जो बातें कहीं, उनसे हम सबका मन गर्व से भर गया। हमें अपने धर्म और संस्कृति को बचाने के लिए एनडीए को दोबारा सत्ता में लाना चाहिए। अगर हम छठ महापर्व उत्सव मना रहे हैं तो यह हमारे लिए गर्व की बात है। यह एक अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक पर्व है, जिससे करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है, लेकिन राहुल गांधी जैसे लोग इसे कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। जब उन्हें वोट चाहिए होता है तो वे कभी हिंदू, कभी मुस्लिम, कभी ईसाई होने का दिखावा करते हैं। उनका कोई सच्चा धर्म नहीं है।
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा ने आईएएनएस से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे ने सारण जिले में नई ऊर्जा भर दी है। जिले की सभी दस विधानसभा सीटों पर भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित है। भाजपा कार्यकर्ता त्रिभुवन तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन से कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। जनता भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगी।
एक अन्य कार्यकर्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से लोगों में जोश है। राहुल गांधी ने छठ महापर्व को लेकर जो बातें कही हैं, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह आस्था के साथ राजनीति का भी अपमान है। छपरा से एनडीए की जीत अब तय है।
मध्य प्रदेश से प्रधानमंत्री मोदी की रैली में शामिल होने आईं वंदना पटेल ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल तक देश पर राज किया, लेकिन विकास नहीं कर पाई। अब बौखलाहट में वे अभद्र भाषा बोल रहे हैं और भारतीय संस्कृति पर सवाल उठा रहे हैं। भगवान सबके लिए समान हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया, 33 प्रतिशत आरक्षण दिया और बहनों-बेटियों को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर दिया। बिहार में महागठबंधन पहले ही हार चुका है, अब एनडीए की सरकार बनना तय है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Oct 2025 7:21 PM IST












