आपातकाल से लेकर आज तक कांग्रेस की दमनकारी सोच में कोई बदलाव नहीं आया धर्मेंद्र प्रधान
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर आरोप लगाए थे।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आपातकाल से लेकर आज तक कांग्रेस पार्टी की दमनकारी सोच में कोई बदलाव नहीं आया है। यह उनका मूल चरित्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आज सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने झूठ का सहारा लिया है, जिस कांग्रेस ने सरदार पटेल साहब की विरासत को हमेशा नजरअंदाज करने का काम किया। और अब अचानक सरदार पटेल साहब के नाम का इस्तेमाल कर आरएसएस जैसे राष्ट्रसेवा को समर्पित संगठन के खिलाफ झूठ फैला रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति पर पूरे देश को जेलखाना बना देने वाली यह कांग्रेसी मानसिकता द्वारा प्रतिबंध लगाने की बात करना कोई पहला अवसर नहीं है। पहले भी इन लोगों ने अपनी सत्ता और तुष्टिकरण की राजनीति को बचाए रखने के लिए आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जो पीएफआई जैसे आतंकी संगठनों को अपनी राज्य सरकारों के दौरान बढ़ावा देते हैं। वहीं दूसरी तरफ, वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ हमेशा जहर उगलने का काम करते हैं। मगर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मां भारती की सेवा में निरंतर आगे बढ़ता रहा है। ऐसी कांग्रेसी धमकियों के बावजूद, आरएसएस ने अपने गौरवशाली 100 वर्षों की राष्ट्रसेवा की यात्रा पूरी की है, जिसका साक्षी पूरा देश है।
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो जारी कर कहा था कि भाजपा के नेता हमेशा कहते हैं कि नेहरू और सरदार पटेल में मतभेद था, जबकि नेहरू ने खुद सरदार पटेल को 'भारत की एकता के शिल्पी' बताया था। वहीं, पटेल साहब ने पंडित नेहरू को 'देश के आदर्श और जनता के नेता' कहा था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 Oct 2025 11:08 PM IST












