अमित शाह, जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा समेत अन्य राज्यों को स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

अमित शाह, जेपी नड्डा ने छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा समेत अन्य राज्यों को स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य नेताओं ने शनिवार को छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हरियाणा सहित अन्य प्रदेश के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य नेताओं ने शनिवार को छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हरियाणा सहित अन्य प्रदेश के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "छत्तीसगढ़ वासियों को प्रदेश के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं। जनजातीय संस्कृति और कलाओं से संपन्न छत्तीसगढ़ के विकास और कल्याण के अवरोधक नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें पूर्ण रूप से संकल्पित हैं। नक्सलवाद प्रदेश और देश में अंतिम सांसें गिन रहा है। 31 मार्च 2026 तक लाल आतंक का समूल नाश कर भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकारें छत्तीसगढ़ में विकास के नए युग की शुरुआत करेंगी।"

हरियाणा के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमित शाह ने लिखा, "हरियाणा के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई। वीर जवानों और मेहनतकश किसानों के लिए जाना जाने वाला हरियाणा आज सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान भी स्थापित कर रहा है। समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य के लिए प्रसिद्ध हरियाणा की प्रगति और उन्नति की यह यात्रा यूं ही निरंतर जारी रहे।"

मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए लिखा, "सांस्कृतिक विरासत की भूमि मध्य प्रदेश वासियों को प्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध इतिहास को समेटे यह प्रदेश आज जन कल्याण, स्वच्छता और संपन्नता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ईश्वर से प्रदेश वासियों की निरंतर प्रगति की कामना करता हूं।"

अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "जीवंत संस्कृति, विरासत और असाधारण प्रतिभाओं की भूमि, आंध्र प्रदेश भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के तहत राज्य की निरंतर समृद्धि की कामना करता हूं।"

कर्नाटक के स्थापना दिवस पर अमित शाह ने लिखा, "कर्नाटक के बहनों और भाइयों को उनके राज्योत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं। कला, नवाचार और शिक्षा की समृद्ध विरासत के केंद्र, कर्नाटक के लोगों ने हमारी संस्कृति और राष्ट्र के विकास में अमूल्य योगदान दिया है। यह राज्य समृद्धि और गौरव से भरपूर रहे।"

केरल के लोगों को पिरावी की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि केरल अपनी शाश्वत परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और अपने लोगों की रचनात्मक भावना के साथ हमारे सांस्कृतिक परिदृश्य में एक उज्ज्वल स्थान के रूप में प्रतिष्ठित है। मैं राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी हरियाणा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

जेपी नड्डा ने पोस्ट में लिखा कि समृद्ध संस्कृति और खनिज संपदा से परिपूर्ण 'छत्तीसगढ़' प्रदेश के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी अनूठी कला और जनजातीय संस्कृति से समृद्ध छत्तीसगढ़ विकास के नये प्रतिमान गढ़े, मां दंतेश्वरी से यही कामना करता हूं।

हरियाणा राज्य के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि शौर्य, संस्कृति और कृषि की त्रिवेणी, पराक्रम एवं पुरुषार्थ की भूमि के प्रदेश हरियाणा राज्य के स्थापना दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। यहां के किसान और जवान समृद्ध एवं सशक्त भारत की पहचान है। हरियाणा प्रगति के प्रतिमान स्थापित करते हुए विकास पथ पर अग्रसर रहे, यही कामना करता हूं।

मध्यप्र देश के स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए लिखा कि सांस्कृतिक केंद्रों, आध्यात्मिक विरासतों और प्राकृतिक सौन्दर्य की भूमि, भारत का ह्रदय स्थल, बाबा महाकाल एवं नर्मदा मैया की पुण्यभूमि मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों हार्दिक शुभकामनाए देता हूं। अपनी अनूठी संस्कृति, वैभवशाली विरासत और विकास के नित नये कीर्तिमान स्थापित करते हुए मध्य प्रदेश निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही कामना है।

जेपी नड्डा ने केरल पिरावी दिवस के अवसर पर केरल के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "अपने मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों और जीवंत परंपराओं के लिए प्रसिद्ध, केरल सचमुच भारत की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतिबिंब है। यहां के लोगों का सामंजस्य और सौहार्द इस राज्य को और भी खास बनाते हैं। मैं सभी के लिए आने वाले वर्षों में सुख, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना करता हूं।"

कर्नाटक राज्योत्सव पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि राज्य की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं हमारे राष्ट्र के लिए गौरव का स्रोत हैं। एकता और प्रगति की भावना कर्नाटक को और अधिक ऊंचाइयों की ओर ले जाने के लिए प्रेरित करती रहे। आने वाले वर्षों में सभी कन्नड़ लोगों को सफलता, सुख और समृद्धि की शुभकामनाएं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Nov 2025 9:21 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story