बिहार की जनता तेजस्वी के जंगलराज के सपने को मूर्त रूप नहीं लेने देगी भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव
रांची, 5 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग गुरुवार को है। मंगलवार शाम को पहला चरण का चुनाव अभियान रुक गया। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत का दावा दोहराया और विपक्ष पर निशाना साधा।
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "तेजस्वी यादव के माता-पिता के जंगलराज को बिहार अभी भूला नहीं है। अपहरण, हत्या और बलात्कार ने संस्थागत उद्योगों का दर्जा ले लिया था। उस समय बिहार से एक करोड़ लोगों का पलायन हुआ था, पूरे प्रदेश में भय का वातावरण हुआ करता था। राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के गुंडों के कारण लोगों का शाम के वक्त घरों से निकलना बंद हो गया था।"
तेजस्वी यादव के 20 साल में बिहार को बदलने वाले बयान पर प्रतुल शाहदेव ने तंज कसा। उन्होंने कहा, "राजद ने अपने शासनकाल में लोगों का शाम के वक्त निकलना बंद करवा दिया था। ऐसे में अगर तेजस्वी चाहते हैं कि बिहार, जो विकास की तेज गति पकड़ रहा है, वह वापस 20 महीने में जंगलराज की ओर चला जाए, तो ऐसा नहीं होगा। बिहार की महान जनता कभी भी ऐसा नहीं होने देगी।"
उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव के बिहार को 20 महीनों में फिर जंगलराज के रूप में बदलने के सपने कभी पूरे नहीं होंगे। जनता इसे कभी भी मूर्त रूप नहीं लेने देगी। इस बार एनडीए को पूर्ण रूप से बहुमत मिलने वाला है।"
बता दें कि बिहार की सभी 243 सीटों पर दो चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पर और दूसरे चरण में 11 नवंबर को 122 सीटों पर वोटिंग प्रक्रिया संपन्न होगी। वोट गिनती सभी सीटों के लिए 14 नवंबर को होगी। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार बिहार चुनाव में इस बार 7.42 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे, जिसमें 14 लाख नए वोटर शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Nov 2025 12:47 PM IST












