राहुल गांधी फ्रेंच में सोचते हैं, अंग्रेजी में अनुवाद करते हैं और हिंदी में बोलते हैं अर्जुन सिंह
कोलकाता, 5 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
राहुल गांधी के वोट चोरी वाले बयान पर भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि वो आदमी फ्रेंच में सोचता है, अंग्रेजी में अनुवाद करता है, और हिंदी में बोलते वक्त भूल जाता है कि फ्रेंच में क्या सोचा था।
भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को थोड़ा संघर्ष में उतरना होगा। अगर आप एक बार लड़ेंगे तो आपको कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन अगर आप एक दिन लड़ेंगे तो आपको पांच साल तक मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इससे पहले पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर की घोषणा के बाद से पूरे बंगाल में पटाखे फूटने लगे हैं। इससे पता चलता है कि जनता समझती है कि एसआईआर बंगाल में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
वहीं, भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हमेशा तनाव रहता है। हमारा मानना है कि लगभग 1.5 करोड़ फर्जी मतदाता सूची में हैं, जिनमें 50-60 लाख मृत व्यक्ति भी शामिल हैं, जिनके नाम अभी भी सूची में हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद नाम नहीं हटाए जा रहे हैं। लगभग 13 लाख लोगों के आधार कार्ड रद्द कर दिए गए हैं और वे वोट नहीं दे सकते।
दिलीप घोष ने आईएएनएस से कहा कि एसआईआर कोई नई व्यवस्था नहीं है, बल्कि ब्रिटिश काल से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि कई देशों में ऐसी प्रक्रिया लागू होती है और भारत में भी इसे 21 साल बाद फिर से लागू किया गया है, जबकि इसे पहले ही शुरू हो जाना चाहिए था।
दिलीप घोष ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बड़ी संख्या में घुसपैठिए मौजूद हैं और उनकी पहचान कर उन्हें अलग करना राज्य और देश की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Nov 2025 10:58 PM IST












