दो देशों की राजकीय यात्रा के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं अंगोला, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की

दो देशों की राजकीय यात्रा के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं अंगोला, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय अफ्रीकी देशों की राजकीय यात्रा पर हैं। यात्रा के पहले चरण में राष्ट्रपति रविवार को अंगोला पहुंचीं। यह किसी भी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की अंगोला की पहली राजकीय यात्रा है। राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देश इस वर्ष राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय अफ्रीकी देशों की राजकीय यात्रा पर हैं। यात्रा के पहले चरण में राष्ट्रपति रविवार को अंगोला पहुंचीं। यह किसी भी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की अंगोला की पहली राजकीय यात्रा है। राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देश इस वर्ष राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

इस क्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोनकाल्वेस लौरेंको के साथ व्यापक द्विपक्षीय चर्चा की। राष्ट्रपति भवन की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर बताया गया कि दोनों नेताओं ने ऊर्जा साझेदारी, बुनियादी ढांचे, रक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और डिजिटल प्रौद्योगिकियों सहित सहयोग को गहरा करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

राष्ट्रपति ने अंगोला की विकास यात्रा में द्विपक्षीय रूप से और साथ ही भारत-अफ्रीका मंच शिखर सम्मेलन के व्यापक ढांचे में एक विश्वसनीय भागीदार बने रहने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर मत्स्य पालन, जलीय कृषि और समुद्री संसाधनों में सहयोग और वाणिज्य दूतावास संबंधी मामलों पर समझौता ज्ञापनों का भी आदान-प्रदान किया गया।

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रवाना होने की तस्वीरें साझा कर लिखा, "अफ्रीका और वैश्विक दक्षिण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंगोला और बोत्सवाना की दो देशों की राजकीय यात्रा पर रवाना हो गई हैं। यह यात्रा हमारे राष्ट्रपति की इन देशों की पहली राजकीय यात्रा होगी।"

भारत और अंगोला के बीच द्विपक्षीय व्यापार में बढ़त हो रही है और विदेश मंत्रालय की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-2024 के दौरान यह 4.192 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। भारत अंगोला का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। अंगोला के कुल निर्यात में भारत की भागीदारी 10 फीसदी है, जिसमें कच्चे तेल का व्यापार अहम है।

इसके अलावा दोनों देश खेती, मेडिकल सर्विस, फार्मास्यूटिकल्स (जेनेरिक दवाएं), हीरे के व्यापार, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर में सहयोग भी शामिल है।

विदेश मंत्रालय के आर्थिक मामलों के सचिव सुधाकर दलेला ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की इस यात्रा की जानकारी देते हुए कहा था कि राष्ट्रपति 8 से 13 नवंबर तक अंगोला और बोत्सवाना की राजकीय यात्रा पर रहेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की अंगोला और बोत्सवाना की पहली राजकीय यात्रा होगी। अफ्रीका के साथ भारत का जुड़ाव बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक, व्यापार, आर्थिक और विकास साझेदारी समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों में संबंध गहरे हो रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Nov 2025 7:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story