क्यों मनाया जाता है शांति और विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस? जानिए उद्देश्य
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। हर साल 10 नवंबर को पूरी दुनिया में 'विश्व विज्ञान दिवस' (शांति व विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस) मनाया जाता है। इस दिन का मकसद है, समाज में विज्ञान की भूमिका को समझना और यह दिखाना कि विज्ञान किस तरह हमारे रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित करता है।
इस दिवस की शुरुआत यूनेस्को ने साल 2001 में की थी और इसे पहली बार 2002 में मनाया गया था। उस समय से लेकर आज तक, हर साल इस दिन दुनिया भर में वैज्ञानिक संस्थान, विश्वविद्यालय और संगठन विज्ञान से जुड़ी गतिविधियां, वर्कशॉप्स और चर्चाएं आयोजित करते हैं ताकि आम लोगों में विज्ञान के प्रति रुचि और समझ बढ़ाई जा सके।
विज्ञान सिर्फ प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है। यह हमारे समाज, पर्यावरण, स्वास्थ्य और विकास से सीधा जुड़ा है। विश्व विज्ञान दिवस का मुख्य उद्देश्य है यह याद दिलाना कि शांति और सतत विकास के लिए विज्ञान की भूमिका कितनी अहम है। इस दिन वैज्ञानिकों के योगदान को भी सम्मान दिया जाता है और साथ ही लोगों को विज्ञान की प्रासंगिकता से अवगत कराया जाता है।
यूनेस्को हर साल इस दिवस के लिए एक नई थीम तय करता है। 2025 के लिए इसकी थीम है 'विश्वास, परिवर्तन और कल: 2050 के लिए हमें जिस विज्ञान की आवश्यकता है।' यह थीम इस बात पर फोकस करती है कि आने वाले दशकों में हमें कैसा विज्ञान चाहिए, जो मानवता, तकनीक और पर्यावरण तीनों के बीच संतुलन बनाए रख सके।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2024 से 2033 तक के दशक को 'सतत विकास के लिए विज्ञान का अंतर्राष्ट्रीय दशक' घोषित किया है। इसी के तहत 2025 का विश्व विज्ञान दिवस और भी खास माना जा रहा है, क्योंकि यह भविष्य की जरूरतों के अनुसार विज्ञान और समाज को फिर से समझने का मौका देता है।
इस दिवस का एक और बड़ा उद्देश्य लोगों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है। जब समाज विज्ञान को समझेगा और अपनाएगा, तभी वह अंधविश्वासों से दूर रह पाएगा और तार्किक सोच विकसित करेगा। यही कारण है कि विश्व विज्ञान दिवस न केवल वैज्ञानिकों के लिए, बल्कि हर नागरिक के लिए अहम है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Nov 2025 10:20 PM IST











