बॉलीवुड एक्टर प्रेम चोपड़ा की तबीयत बिगड़ी, लीलावती अस्पताल में हुए भर्ती

बॉलीवुड एक्टर प्रेम चोपड़ा की तबीयत बिगड़ी, लीलावती अस्पताल में हुए भर्ती
हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रेम चोपड़ा की अचानक से तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता प्रेम चोपड़ा की अचानक से तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि लीलावती अस्पताल में प्रेम चोपड़ा का इलाज डॉ. नितिन गोखले और जलील पार्कर की निगरानी में चल रहा है।

92 साल के प्रेम चोपड़ा के शरीर में इंफेक्शन फैल गया था, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टर के मुताबिक, प्रेम चोपड़ा अगले दो से तीन दिन तक अस्पताल में भर्ती रहेंगे।

बता दें कि कुछ साल पहले भी प्रेम चोपड़ा के निधन की झूठी अफवाह सोशल मीडिया पर फैली थी। उस समय खुद अभिनेता ने एक इंटरव्यू में सामने आकर कहा था कि वह बिल्कुल स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा था, ''लोग बिना वजह ऐसी गलत बातें फैलाते हैं, जिससे परिवार और दोस्तों को बेवजह चिंता होने लगती है।'' अभिनेता ने तब इस तरह की अफवाहों पर अंकुश लगाने की अपील भी की थी।

इससे पहले प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। दोनों को उसी समय भी मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर जलील पार्कर की देखरेख में उनका इलाज हुआ था। इलाज के बाद वे दोनों पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आए थे। उस वक्त भी उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।

अब फिर से लीलावती अस्पताल में उनकी भर्ती की खबर सामने आई है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है।

प्रेम चोपड़ा ने अपने लंबे करियर में बॉलीवुड की सैकड़ों फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। उनके डायलॉग्स, उनका अंदाज और उनकी दमदार उपस्थिति आज भी दर्शकों को याद हैं।

'बॉबी' फिल्म का उनका मशहूर डायलॉग 'प्रेम नाम है मेरा... प्रेम चोपड़ा' आज भी दर्शकों की जुबान पर है। उन्होंने अपने करियर में लगभग 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। वह भारतीय सिनेमा के सबसे लंबे समय तक सक्रिय रहने वाले कलाकारों में गिने जाते हैं। 2023 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Nov 2025 8:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story