सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब सरकार पर लगाया कानून के दुरुपयोग का आरोप

सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब सरकार पर लगाया कानून के दुरुपयोग का आरोप
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री सुखबीर सिंह बादल ने रविवार को पंजाब सरकार पर कानून का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

चंडीगढ़, 16 नवंबर (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री सुखबीर सिंह बादल ने रविवार को पंजाब सरकार पर कानून का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पुलिस का जबरदस्त दमन जारी। अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेश पर पंजाब पुलिस ने पहले तो तरनतारन उपचुनाव में जीत छीनने के लिए हर कानून तोड़ा और अब भी अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "मैं मुख्यमंत्री और पंजाब डीजीपी से पूछता हूं कि क्या पंजाब को पुलिस राज्य घोषित कर दिया गया है, जहां सभी कानून और नागरिकों के अधिकार निलंबित हैं? हम अपने कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस सरकारी दमन का पूरी ताकत से मुकाबला करेंगे और उन सभी से जो इन गैरकानूनी आदेशों का पालन कर रहे हैं। कानून आप सभी को सजा देगा।"

14 नवंबर को तरनतारन विधानसभा के उपचुनाव के नतीजे आए। इस सीट पर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू को जीत मिली है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की प्रत्याशी सुखविंदर कौर को शिकस्त दी।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुखविंदर कौर को 12 हजार से अधिक वोटों से हराया। हरमीत सिंह संधू को 42 हजार से अधिक वोट मिले, जबकि सुखविंदर कौर के पक्ष में लगभग 30 हजार वोट पड़े। उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कर्णबीर सिंह (करीब 15 हजार वोट) और भाजपा के हरजीत सिंह संधू (लगभग 6,239 वोट) क्रमशः चौथे और पांचवें नंबर पर रहे।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसे ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके लिखा, "तरन तारन उपचुनाव में मिली इस ऐतिहासिक जीत ने साफ कर दिया है कि पंजाब की जनता को काम की राजनीति और भगवंत मान जी का ईमानदार नेतृत्व ही पसंद है। पंजाब ने एक बार फिर 'आप' पर अपना भरोसा जताया है। ये जीत जनता की जीत है। मेहनत करने वाले हर कार्यकर्ता की जीत है। पंजाब की जनता और सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Nov 2025 12:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story