पंजाब आरएसएस कार्यकर्ता के बेटे की हत्या, सुनील जाखड़ ने भगवंत सरकार को घेरा

पंजाब  आरएसएस कार्यकर्ता के बेटे की हत्या, सुनील जाखड़ ने भगवंत सरकार को घेरा
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने फिरोजपुर में आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ता के बेटे की हत्या को लेकर प्रदेश की भगवंत सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता ने कहा कि आरएसएस के कार्यकर्ता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की गोली मारकर की गई हत्या ने आप सरकार के राज में कानून व्यवस्था की पोल एक बार फिर खोल दी है।

चंडीगढ़, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने फिरोजपुर में आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ता के बेटे की हत्या को लेकर प्रदेश की भगवंत सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता ने कहा कि आरएसएस के कार्यकर्ता बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की गोली मारकर की गई हत्या ने आप सरकार के राज में कानून व्यवस्था की पोल एक बार फिर खोल दी है।

उन्होंने रविवार को राजधानी चंडीगढ़ में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगस्टर समानांतर सरकार चला रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल रहे हैं और उन्होंने पंजाब को लावारिस छोड़ दिया है।

भाजपा प्रधान ने आरएसएस कार्यकर्ता के बेटे की मौत पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि पंजाब के लोग दहशत के माहौल में जीने के लिए मजबूर हैं, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों को अमन-कानून और सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम रही है।

सुनील जाखड़ ने कहा कि हर रोज लोगों को धमकी और फिरौती के लिए फोन कॉल आ रहे हैं और राज्य के किसी न किसी हिस्से में हर रोज कोई न कोई गंभीर वारदात हो रही है। बुरे तत्वों में सरकार का कोई डर नहीं रहा, क्योंकि असल में सरकार चलाने वालों को राज्य प्रबंध की समझ ही नहीं है।

वहीं, पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा ने कहा कि फिरोजपुर में एक हृदय विदारक घटना घटी, जिसमें आरएसएस के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सम्मानित समाजसेवी बलदेव राज अरोड़ा के बेटे नवीन अरोड़ा की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना ने न सिर्फ अरोड़ा परिवार को, बल्कि पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना साफ दिखाती है कि राज्य में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि लोग कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। लोगों को सुरक्षा देने की बजाय पंजाब पुलिस की ड्यूटी अरविंद केजरीवाल और दिल्ली से आई उनकी टीम को सौंप दी गई है।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में यह पहली घटना नहीं है। हर दिन व्यापारियों, खिलाड़ियों और आम लोगों की हत्या हो रही है, जो पंजाब सरकार की अप्रभावी कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करती है। भाजपा इस बढ़ते अपराध के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी, क्योंकि सरकार कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल दिख रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 Nov 2025 10:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story