करीब डेढ़ लाख की आबादी वाले देश ने रचा इतिहास, फीफा विश्व कप में बनाई जगह
किंग्स्टन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कैरेबियाई द्वीप कुराकाओ ने फुटबॉल के खेल में इतिहास रच दिया है। कुराकाओ फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाला अब तक का सबसे कम आबादी वाला देश बन गया है।
किंग्स्टन में खेले गए इस मुकाबले में कुराकाओ ने जमैका के खिलाफ 0-0 से ड्रॉ खेला। इसी के साथ करीब डेढ़ लाख की आबादी वाले इस द्वीप के लोग जश्न में डूब गए।
घरेलू दर्शकों के बीच खचाखच भरे स्टेडियम में रेगे बॉयज ने गेंद पर दबदबा बनाए रखा और दूसरे हाफ में कई मौके बनाए, लेकिन कुराकाओ का रक्षात्मक अनुशासन मजबूत रहा। टीम का हर टैकल, ब्लॉक और क्लीयरेंस यादगार रहा, खासकर जब समय पूरा होने की ओर बढ़ रहा था।
90 मिनट तक चला यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा, जिसमें दोनों ही देशों के खिलाड़ी गोल दागने को बेताब नजर आए, लेकिन अपनी-अपनी टीम का खाता नहीं खोल सके।
मुकाबले की अंतिम सीटी बजते ही कुराकाओ के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। टीम ने वो हासिल कर लिया था, जिसके बारे में बहुत कम लोग सोचते थे।
गोलरहित ड्रॉ के साथ टीम ने ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान सुनिश्चित कर लिया है। इस टीम के पास 12 अंक हैं, जो जमैका से एक अंक ज्यादा है।
इस ग्रुप में त्रिनिदाद एंड टोबैगो 9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि बरमूडा अपना खाता तक नहीं खोल सका।
फीफा विश्व कप अगले साल जून-जुलाई के बीच खेला जाएगा, जिसमें 48 टीमें हिस्सा लेंगी। कुराकाओ ने इस उपलब्धि के साथ आइसलैंड को पीछे छोड़ दिया है, जिसने साल 2018 में क्वालीफाई करते हुए इतिहास रचा था। उस समय इस देश की आबादी 3.5 लाख थी। कुराकाओ ने इस रिकॉर्ड को लगभग आधी आबादी के साथ तोड़ दिया है। इस विश्व कप में कुराकाओ पर सभी की निगाहें होंगी।
कुराकाओ ने यह उपलब्धि अपने हेड कोच डिक एडवोकाट की गैरमौजूदगी में हासिल की है, जो पारिवारिक कारणों के चलते नीदरलैंड लौट गए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Nov 2025 11:47 AM IST












