हम लोकतंत्र और संविधान को बचाएंगे दिग्विजय सिंह
इंदौर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा सरकार पर चुनाव को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा पर भ्रष्टाचार और चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भ्रष्ट नेता ही चुनाव आयोग का बचाव कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, "देश के 272 रिटायर्ड जजों, रिटायर्ड आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से चिट्ठी लिखवाई। ये ऐसे लोग हैं, जो खुद भाजपा के सदस्य हैं और आरएसएस से जुड़े हुए हैं। इन पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। इनके घर पर करोड़ों रुपए मिले हैं। ये सभी चुनाव आयोग का पक्ष ले रहे हैं।"
उन्होंने लोकतंत्र के मुद्दे पर महत्वपूर्ण बैठकें और चर्चा करने की आगामी योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा, "पूरा चुनाव आयोग बेईमानी पर उतरा हुआ है। प्रधानमंत्री को इन बातों से खुद को अलग रखना चाहिए। मैं सभी से एक बात कहना चाहता हूं कि इस देश में लोकतंत्र और संविधान बचाने का समय आ गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से हम सभी को निर्देश दिया गया है कि 26 नवंबर को भारतीय संविधान को बचाने के लिए बैठक बुलाएं, सभा करें, लोगों से चर्चा करें और बातचीत करें।"
उन्होंने देश के युवाओं से खास अपील करते हुए कहा, "हम लोकतंत्र और संविधान को बचाएंगे। विशेष तौर पर मेरी अपील युवा साथियों से है। सभी छात्र, युवा, जिन्हें आज के दौर में जेन-जी कहते हैं, जिनके सामने पूरा भविष्य है। हमारा समय पूरा हो गया। हमने लोकतंत्र को भोग लिया। लोकतंत्र में हमें खूब इज्जत मिली, वोट का अधिकार मिला। लेकिन, आज के दौर में सरकार एसआईआर के जरिए वोट का अधिकार छीन रही है। नागरिकता छीनने की तैयारी है। वोट छिनने के बाद दूसरा कदम नागरिकता छिनने का है। अगर इस देश में नागरिकता छिन गई और उनके मन से वोटर लिस्ट बन गई तो यहां पर लोकतंत्र नहीं बचेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Nov 2025 4:02 PM IST












