कांग्रेस अपनी विफलता छिपाने के लिए एसआईआर का विरोध कर रही खंडेलवाल
राजगढ़, 27 नवंबर (आईएएनएस) भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर हमला बोला है।
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए एसआईआर का विरोध कर रही है। राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में एसआईआर को लेकर आयोजित कार्यशाला में खंडेलवाल ने कहा, ''कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं था। कांग्रेस आजादी के आंदोलन के समय एक अंग्रेज द्वारा बनाया गया एक मंच था, जिसमें सभी विचारधारा के लोग शामिल होकर देश को आजाद कराने का कार्य कर रहे थे। देश के आजाद होने के बाद महात्मा गांधी कांग्रेस को समाप्त करना चाहते थे, लेकिन जवाहरलाल नेहरू ने सत्ता के लिए इसका उपयोग किया। नेहरू परिवार आज भी इसका उपयोग सत्ता के लिए कर रहा है, जबकि कांग्रेस की अपनी कोई विचारधारा ही नहीं है।''
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने गठन के समय से लेकर आज तक एक विचारधारा को लेकर आगे बढ़ रही है। भाजपा ने अपने विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। कार्यकर्ता आधारित भाजपा संगठन आज भी अपनी विचारधारा पर अडिग है। एसआईआर प्रक्रिया मतदाता सूची के शुद्धिकरण और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए आवश्यक है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे एसआईआर प्रक्रिया में मतदाताओं का सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से न कटने पाए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग एसआईआर प्रक्रिया को पहली बार नहीं करा रहा है। हर 20-25 वर्षों में एसआईआर की प्रक्रिया अपनाई जाती है। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के समय में भी एसआईआर किया गया था। आज एसआईआर का विरोध करने वाले कांग्रेस नेता बताएं कि जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के समय में किया गया एसआईआर क्या गलत था। क्या नेहरू और इंदिरा गांधी ने एसआईआर कराकर गलत किया था?
हकीकत यह है कि कांग्रेस पार्टी ने देश की जनता का विश्वास खो दिया है। कांग्रेस पार्टी पर जनता अब विश्वास नहीं करती, इसलिए कांग्रेस लगातार चुनाव हारती जा रही है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता चुनावों में मिल रही लगातार हार और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए एसआईआर का विरोध कर रहे हैं। सभी राजनीतिक दलों को मिलकर एसआईआर का स्वागत करना चाहिए, क्योंकि मजबूत लोकतंत्र के लिए पूरी तरह से पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया आवश्यक है। पारदर्शी चुनाव और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए एसआईआर कराया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Nov 2025 9:15 PM IST












