लखनऊ कांग्रेस ने राहुल को राम के रूप में दर्शाया, 'रावण' रूपी 10 मुद्दों पर किया प्रहार

लखनऊ  कांग्रेस ने राहुल को राम के रूप में दर्शाया, रावण रूपी 10 मुद्दों पर किया प्रहार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर एक अनोखा होर्डिंग लगाया गया है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भगवान राम के रूप में नजर आ रहे हैं, जबकि रावण के रूप में महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ईडी और वोट चोर जैसे मुद्दों को दर्शाया गया है। रावण रूपी इन मुद्दों पर राहुल गांधी तीर चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

लखनऊ, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के बाहर एक अनोखा होर्डिंग लगाया गया है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भगवान राम के रूप में नजर आ रहे हैं, जबकि रावण के रूप में महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ईडी और वोट चोर जैसे मुद्दों को दर्शाया गया है। रावण रूपी इन मुद्दों पर राहुल गांधी तीर चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगा यह होर्डिंग खुद को लखनऊवासी बताने वाले कांग्रेस के युवा नेता आर्यन मिश्रा ने लगाया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस होर्डिंग के माध्यम से केंद्रीय और राज्य सरकार पर वर्तमान समस्याओं को रावण के प्रतीक के रूप में चित्रित कर हमला बोला गया है, जबकि राहुल गांधी को बुराई पर विजय पाने वाले भगवान राम के रूप में पेश किया गया है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को लक्ष्मण की भूमिका में चित्रित किया गया है।

इस होर्डिंग में रावण के 10 सिरों पर महंगाई, जंगलराज, भ्रष्टाचार, ईडी, वोट चोर, चुनाव आयोग (ईसी), सीबीआई, बेरोजगार, पेपरलीक और तानाशाही जैसे मुद्दे लिखे हुए हैं।

कांग्रेस नेता आर्यन मिश्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "जो अन्याय के विरुद्ध लड़ता है, वह भगवान राम है। जो गरीब, शोषित और वंचित की बात करता है, वह भगवान राम है। जो बेसहारा को सहारा देता है, वह भगवान राम है। आज के युग में नफरती, अत्याचारी और दमनकारी सरकार के खिलाफ राहुल गांधी लड़ रहे हैं। भगवान राम ने हमेशा प्यार को बांटा है और अत्याचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। उसी तरह राहुल गांधी भी पूरे देश में लड़ रहे हैं और उत्तर प्रदेश में अजय राय अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "देश में सबसे बड़ा मुद्दा 'वोट चोरी' है और इसके खिलाफ बिहार से बिगुल बज चुका है। भ्रष्टाचार, महंगाई, शिक्षा, और स्वास्थ्य असल मुद्दे हैं, लेकिन देश की सरकार इन मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है। जिस तरह से भगवान राम ने अत्याचार के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए रावण का वध किया, उसी तरह हमारे नेता राहुल गांधी और अजय राय भी अत्याचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। ये होर्डिंग इसी बात का संकेत है कि हम किस तरह से लड़ाई लड़ रहे हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 Oct 2025 1:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story