फरहान अख्तर की '120 बहादुर' का दमदार ट्रेलर रिलीज, स्क्रीन पर दिखेगी वीरगाथा
मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। मशहूर अभिनेता फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म '120 बहादुर' का ट्रेलर गुरुवार को मेकर्स ने रिलीज कर दिया।
रजनीश 'राजी' घई द्वारा निर्देशित फिल्म '120 बहादुर' 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान अपने प्राण वतन पर न्योछावर करने वाले 120 बहादुर सैनिकों को समर्पित है। फिल्म में अभिनेता फरहान अख्तर शैतान सिंह की भूमिका में नजर आ रहे हैं और अभिनेत्री राशि खन्ना उनके अपोजिट नजर आएंगी।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के ट्रेलर का वीडियो पोस्ट किया, जिसके साथ कैप्शन में लिखा, "एक सच्ची कहानी पर आधारित, जिसने हमारे देश का इतिहास बदल दिया। फिल्म '120 बहादुर' का ट्रेलर।"
2 मिनट 48 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की आवाज में होती है, जिसमें वह भारत और चीन के रिश्ते के बारे में बताते हैं। इसके बाद दिखाया जाता है कि चीन चुपके से कुछ भारतीय सैनिकों को मार देता है। फिर, फरहान अख्तर शैतान सिंह के किरदार में नजर आते हैं और वे सैनिकों से कहते हैं, "तुम सब किसान के बेटे हो, जमीन के लिए लड़ना तुम सब के खून में है।"
इसके बाद ट्रेलर में शैतान सिंह के घर का सीन दिखाया जाता है, जिसमें वे अपनी पत्नी (राशि खन्ना) और बाकी लोगों के साथ दिखते हैं।
ट्रेलर में बाकी सैनिकों की कहानी भी दिखाई गई है और आखिर में बर्फ के मैदान में चीनी सैनिकों के साथ भारत का युद्ध दिखाया गया है।
फिल्म में फरहान अख्तर और राशि खन्ना के अलावा, अंकित सिवाच, विवान भतेना, और अजिंक्या देओ भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म '120 बहादुर' का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अमित चंद्रा के ट्रिगर हैप्पी स्टूडियो के साथ मिलकर किया है। फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 Nov 2025 9:19 PM IST












