राष्ट्रीय: बिहार जमुई में पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में 13 लोग गिरफ्तार

बिहार जमुई में पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में 13 लोग गिरफ्तार
बिहार के जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में 13 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में छह महिलाएं हैं।

जमुई, 6 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में 13 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में छह महिलाएं हैं।

दरअसल, यह पूरा मामला बरहट थाना क्षेत्र के केदुआतरी गांव का है, जहां अवैध शराब कारोबार की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस टीम में दो पुलिस पदाधिकारी, तीन पुलिस बल एवं पांच चौकीदार शामिल थे।

इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध देशी महुआ शराब का निर्माण होते पाया। पुलिस टीम द्वारा इसे नष्ट किया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने अचानक पुलिस टीम की घेराबंदी कर दी और देखते ही देखते उत्तेजित भीड़ ने पहले चौकीदार की पिटाई कर दी और फिर पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

इस हमले में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला पुलिसकर्मी को भी भीड़ ने नहीं छोड़ा और उसके साथ मारपीट की गई। महिला पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है। बताया जाता है कि कुछ हमलावरों ने पुलिस टीम से हथियार छीनने की कोशिश भी की। इसकी सूचना मिलने के बाद अन्य पुलिस टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद घायल पुलिसकर्मियों को वापस थाना लाया गया। सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस मामले की प्राथमिकी बरहट थाना में दर्ज कराई गई है, जिसमें हत्या के प्रयास तथा लोक सेवक पर बल प्रयोग एवं हमला जैसे गंभीर अपराधों की धाराएं अंकित की गई हैं। जमुई सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी सतीश सुमन ने बताया कि इस मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में छह महिलाएं शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 Sept 2025 11:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story