महाराष्ट्र मुंबई के आरए स्टूडियो में 15-20 बच्चों को बनाया बंधक, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से बड़ी खबर सामने आई है। यहां के नामचीन आरए स्टूडियो के फर्स्ट फ्लोर पर चल रही एक्टिंग क्लास में 15 से 20 बच्चों को बंधक बनाए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया।
यहां एक आरोपी ने क्लास के बच्चों को बंधक बना लिया था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई पुलिस ने कहा कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है। उचित सत्यापन के बाद अन्य विवरण जल्द से जल्द साझा किए जाएंगे।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहित आर्या नाम के एक व्यक्ति ने मुंबई के पवई इलाके में कुछ बच्चों को बंधक बना लिया था। उसने एक वीडियो जारी कर कथित तौर पर कहा कि वह कुछ लोगों से बात करना चाहता है और अगर उसे ऐसा करने नहीं दिया गया तो वह आग लगा देगा और खुद को और बच्चों को नुकसान पहुंचाएगा। वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर लग रहा है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा कि 17 बच्चे और एक सीनियर सिटीजन को बंधक बनाया गया था। पहले बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन जब बात नहीं बनी तो पुलिस जबरन स्टूडियो में घुस गई। दोपहर 1.45 बजे पुलिस को कॉल आया था। मौके पर कुछ केमिकल और एयर गन मिली है।
बच्चों को वेब सीरीज के ऑडिशन के लिए बुलाया गया था। मुंबई पुलिस के लिए यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था।
बता दें कि यह घटना दिनदहाड़े हुई। क्लास में बंधक बनाए गए बच्चों को खिड़की से झांकते हुए देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस-प्रशासन से बच्चों को बचाने की गुहार लगाई। वहीं, पुलिस ने पूरी बिल्डिंग को घेर कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Oct 2025 5:13 PM IST












