राजनीति: खजुराहो नृत्य महोत्सव की 20 फरवरी से शुरुआत, शास्‍त्रीय नृत्‍य मैराथन से कीर्तिमान बनाने की तैयारी

खजुराहो नृत्य महोत्सव की 20 फरवरी से शुरुआत, शास्‍त्रीय नृत्‍य मैराथन से कीर्तिमान बनाने की तैयारी
मध्य प्रदेश की पर्यटन नगरी खजुराहो में नृत्य समारोह 20 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। इस आयोजन की तैयारियां जारी हैं। समारोह के दौरान शास्त्रीय नृत्य मैराथन से कीर्तिमान बनाने की कोशिश की जाएगी।

भोपाल, 13 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की पर्यटन नगरी खजुराहो में नृत्य समारोह 20 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। इस आयोजन की तैयारियां जारी हैं। समारोह के दौरान शास्त्रीय नृत्य मैराथन से कीर्तिमान बनाने की कोशिश की जाएगी।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा है कि यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट खजुराहो के एक हजार वर्ष प्राचीन मंदिरों की दिव्य आभा में 51वां खजुराहो नृत्य समारोह 20 से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे।

उन्होंने कहा कि समारोह खजुराहो स्थित कंदरिया महादेव मंदिर एवं देवी जगदंबा मंदिर प्रांगण में होगा। समारोह में इस वर्ष भारतीय शास्त्रीय नृत्यों कथक, भरतनाट्यम, कुचीपुड़ी, ओडिसी आदि के साथ शास्त्रीय नृत्य मैराथन प्रस्तुति की जा रही है, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करने का प्रयास किया जाएगा।

राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि खजुराहो नृत्य समारोह के मंच को बहुत ही सम्मान और आदर के साथ देखा जाता है। यहां प्रस्तुति देना किसी भी नृत्य कलाकार के लिए गर्व की बात होती है। इसे ध्यान में रखते हुए 51वें खजुराहो नृत्य समारोह में होने वाली गतिविधियों को विस्तार एवं व्यापकता देने का प्रयास किया गया है। कला प्रेमी नृत्य के साथ ही अन्य कला माध्यमों का भी आनंद ले सकेंगे।

बताया गया है कि सबसे लंबे वृहद शास्त्रीय नृत्य मैराथन (रिले) प्रस्तुति में निरंतर 24 घंटे से भी अधिक नृत्य प्रस्तुतियां होंगी। यह गतिविधि आदिवर्त संग्रहालय, खजुराहो में होगी। इसका शुभारंभ 19 फरवरी को दोपहर दो बजे होगा, जो निरंतर 20 फरवरी को शाम 5 बजे तक चलेगी। इसका नृत्य निर्देशन और संयोजन कथक नृत्यांगना तथा फिल्म अभिनेत्री प्राची शाह एवं संगीत निर्देशन एवं संयोजन कौशिक बसु करेंगे।

संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव 51वें खजुराहो नृत्य समारोह का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मध्य प्रदेश राज्य रूपंकर कला पुरस्कार अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Feb 2025 10:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story