राजनीति: पटना में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का भव्य आगाज, केंद्र और बिहार के मंत्रियों ने बताया गर्व का क्षण

पटना, 4 मई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रविवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का शानदार उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मशाल प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की। समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सांसद रविशंकर प्रसाद, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, कैबिनेट मंत्री विजय चौधरी, संजय सरावगी, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर सहित कई प्रमुख नेता और अधिकारी उपस्थित रहे।
विजय कुमार सिन्हा ने इस अवसर पर कहा, "बिहार की ऐतिहासिक धरती पर आज एक ऐतिहासिक पल रचा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस आयोजन की मजबूत नींव रखी गई है। यह बिहार की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाएगा।"
रविशंकर प्रसाद ने इसे असाधारण आयोजन करार देते हुए कहा, "पटना में खेलो इंडिया का आयोजन बिहार की प्रगति का प्रतीक है। पीएम मोदी का संबोधन प्रेरणादायी था, जिसने खिलाड़ियों में जोश भरा। मैं केंद्र और बिहार सरकार का अभिनंदन करता हूं।"
बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा, "बिहार में पहली बार आयोजित यह खेल महाकुंभ खिलाड़ियों और खेल समुदाय के लिए गौरव का क्षण है। यह आयोजन बिहार को खेल के क्षेत्र में नई पहचान देगा।"
वहीं कैबिनेट मंत्री संजय सरावगी ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा, "कभी हम सोच भी नहीं सकते थे कि बिहार में इतना बड़ा खेल आयोजन होगा। यह बिहार के लिए गर्व का दिन है।"
केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने समारोह को अद्भुत और ऐतिहासिक करार देते हुए कहा, "हम केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। यह आयोजन बिहार के युवाओं को प्रेरित करेगा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को उभारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह आयोजन न केवल बिहार के युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि राज्य को भारत के अग्रणी खेल केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 May 2025 11:59 PM IST