सुरक्षा: मैत्री-2025 आतंकवाद के खिलाफ भारत व थाईलैंड के बीच मेघालय में शुरू हुआ अभ्यास

मैत्री-2025  आतंकवाद के खिलाफ भारत व थाईलैंड के बीच मेघालय में शुरू हुआ अभ्यास
दोनों देशों के बीच हो रहा यह संयुक्त द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘मैत्री-2025’ भारत के पूर्वोत्तर में स्थित राज्य मेघालय में हो रहा है। यह महत्वपूर्ण अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं द्वारा संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान क्षमता को और अधिक मजबूत करने पर केंद्रित है।

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस) भारत और थाईलैंड की सेनाएं आतंकवाद विरोधी सैन्य अभ्यास को अंजाम दे रही हैं। दोनों देशों के बीच हो रहा यह संयुक्त द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘मैत्री-2025’ भारत के पूर्वोत्तर में स्थित राज्य मेघालय में हो रहा है। यह महत्वपूर्ण अभ्यास दोनों देशों की सेनाओं द्वारा संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान क्षमता को और अधिक मजबूत करने पर केंद्रित है।

भारतीय सेना के मुताबिक यह अभ्यास संयुक्त राष्ट्र के चैप्टर्स के तहत सेमी-अर्बन इलाके में संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य ऐसे क्षेत्र में आतंकवाद-रोधी अभियानों में दोनों सेनाओं की इंटरऑपरेबिलिटी, प्रशिक्षण, रणनीति और समन्वय कौशल को और अधिक निखारना है। दोनों देशों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मैत्री’ का यह 14वां संस्करण है। यह सैन्य अभ्यास 14 सितम्बर तक मेघालय के विदेशी प्रशिक्षण केंद्र, उमरोई में जारी रहेगा।

अभ्यास का हिस्सा बनने के लिए थाई सैन्य दल थाईलैंड से सीधे गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुंचा था। यहां भारतीय सेना ने रॉयल थाई आर्मी की टुकड़ी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सैन्य बैंड की धुनों और पारंपरिक सम्मान गारद के साथ मित्र देश की सेना को औपचारिक स्वागत दिया गया।

गौरतलब है कि ‘मैत्री’ श्रृंखला का यह अभ्यास पहली बार 2006 में शुरू हुआ था। तब से यह हर वर्ष भारत और थाईलैंड में बारी-बारी से आयोजित किया जाता रहा है। इस बार लगभग पांच वर्षों के अंतराल के बाद अभ्यास का आयोजन भारत में हो रहा है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस अभ्यास से दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। अभ्यास के दौरान दोनों सेनाएं संयुक्त गश्त, हथियारों के इस्तेमाल व आतंकियों द्वारा बंधक बनाए गए व्यक्तियों को छुड़ाने के अभ्यास पर फोकस कर रही हैं।

आने वाले दिनों में दोनों देशों की सेनाओं द्वारा आतंकवाद-रोधी ऑपरेशन के विभिन्न अन्य परिदृश्यों का भी अभ्यास किया जाएगा। इसके अलावा, सैनिकों को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा और सैन्य जीवन शैली से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। भारतीय सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह अभ्यास न केवल दोनों सेनाओं की परिचालन क्षमता को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि भारत-थाईलैंड मैत्री, विश्वास और रणनीतिक साझेदारी को भी नई ऊंचाई देने का काम कर रहा है।

गौरतलब है कि ‘मैत्री-2025’ से जुड़े कार्यक्रमों में संयुक्त प्रशिक्षण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेलकूद गतिविधियां भी शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले बीते सप्ताह ही भारतीय सेना के जवानों ने अरुणाचल प्रदेश में ‘युद्ध कौशल 3.0’ सैन्य अभ्यास व प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया है। सेना के मुताबिक भारतीय सेना ने युद्ध कौशल 3.0 में मल्टी डोमेन क्षमता ड्रोन सर्विलांस, रियल-टाइम टारगेट व लाइव अटैक का प्रदर्शन किया। अरुणाचल प्रदेश के कामेंग क्षेत्र में यह अभ्यास आयोजित किया गया था। इन अभियानों में ड्रोन निगरानी, रियल टाइम लक्ष्य निर्धारण, सटीक प्रहार, वायु-तटीय प्रभुत्व और समन्वित युद्धक रणनीतियों का सफल प्रदर्शन शामिल रहा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2025 4:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story