मध्य प्रदेश विदिशा में सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ
विदिशा/नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। खेल भावना और ग्रामीण प्रतिभा के उत्सव ‘सांसद खेल महोत्सव–2025’ का गुरुवार को मध्य प्रदेश में विदिशा जिला खेल परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर आयोजित इस महोत्सव का आगाज जनउत्साह और जोश के माहौल में हुआ।
इस अवसर पर भारत के पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय खेल एवं युवा मामले मंत्री मनसुख मांडविया, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। अतिथियों ने सुसज्जित वाहन में सवार होकर लोगों का अभिवादन किया। समारोह में संसदीय क्षेत्र के साथ ही प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। वहीं, आदिवासी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को रंगीन बना दिया।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भोपाल से वर्चुअल रूप में कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेलों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और विदिशा का सांसद खेल महोत्सव इस दिशा में प्रेरक कदम है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संस्कृति है। इसमें कोई हारता नहीं, या तो जीतता है या सीखता है।
मांडविया ने घोषणा की कि मध्य प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए विदिशा में एक अत्याधुनिक एथलेटिक सेंटर बनाया जाएगा। साथ ही, हर साल 'खेलो इंडिया' के तहत परंपरागत खेलों के आयोजन के लिए मध्य प्रदेश को चुने जाने की घोषणा भी की।
कपिल देव ने युवाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इतना ज्यादा पैशन और जोश है खेलों के बारे में कि आज देश तेजी से खेलों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। छोटे शहरों से निकलने वाले खिलाड़ी भारत का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से देश में नई खेल क्रांति का आधार बनेगा। कपिल देव ने बच्चों के माता-पिता से कहा कि वे अपने बच्चों को खेलने के लिए प्रोत्साहित करें, क्योंकि यही भविष्य के स्वर्ण पदक विजेताओं को जन्म देगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, ऊर्जा और एकता का भाव पैदा करते हैं। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के तहत पंचायत, विधानसभा और संसदीय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें 37 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने फिट इंडिया मूवमेंट शुरू किया, क्योंकि शरीर स्वस्थ रहेगा तो जीवन भी सफल होगा। खेल ही सबसे बड़ा ध्यान और आनंद का माध्यम है।
शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय खेल मंत्री और मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विदिशा में विश्वस्तरीय स्टेडियम और एस्ट्रो टर्फ मैदान की स्थापना की जाए। उन्होंने विदिशा क्षेत्र के विकास को लेकर सड़क, सिंचाई और नगर निगम से जुड़ी कई मांगें भी मंच से रखीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच पर ही सभी प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए कहा कि विदिशा में एथलेटिक सेंटर को भव्य स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने विदिशा को एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक नगरी बताते हुए नगर निगम का दर्जा देने की भी घोषणा की। साथ ही नई सड़कों, सिंचाई परियोजनाओं और अन्य विकास कार्यों की मंजूरी भी प्रदान की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 Oct 2025 11:23 PM IST











