झारखंड के स्थापना की 25वीं वर्षगांठ, सीएम हेमंत बोले- राज्य ने संघर्ष से स्थिरता और समृद्धि की प्रेरक यात्रा तय की

झारखंड के स्थापना की 25वीं वर्षगांठ, सीएम हेमंत बोले- राज्य ने संघर्ष से स्थिरता और समृद्धि की प्रेरक यात्रा तय की
झारखंड आज 15 नवंबर को अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस मौके पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राजकीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा पूरे राज्य भर में कई कार्यक्रम हो रहे हैं।

रांची, 15 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड आज 15 नवंबर को अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस मौके पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राजकीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा पूरे राज्य भर में कई कार्यक्रम हो रहे हैं।

वर्ष 2000 में इसी तारीख को देश के नक्शे पर 28वें राज्य के रूप में इसका उदय हुआ था। बिहार के 18 जिलों को विभाजित कर यह नया राज्य बनाया गया था। यह तारीख इसलिए भी खास है कि 15 नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है। स्वतंत्रता संग्राम और आदिवासी अस्मिता के इस अमर नायक के नेतृत्व में हुए उलगुलान ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उनकी ही स्मृति में राज्य की स्थापना की तारीख 15 नवंबर तय की गई थी।

बिहार को विभाजित कर अलग झारखंड राज्य बनाने का ऐतिहासिक बिल संसद ने 2 अगस्त, 2000 को पारित किया था। केंद्र में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने इसकी पहल की थी। इसके पहले लगभग पांच दशकों तक चले आंदोलन के बाद बिहार विधानसभा ने अलग झारखंड राज्य के गठन का प्रस्ताव 22 जुलाई, 1997 को पारित किया था।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड स्थापना की रजत जयंती पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड आज अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर रहा है, यह विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “मैं आप सभी की सुख-समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति की कामना करता हूं।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि धरती आबा बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हो, और फूलो-झानो की वीर भूमि हमारा झारखंड अपने गौरवपूर्ण 25 वर्ष पूरे कर रहे है। इन वर्षों में झारखंड ने संघर्ष से स्थिरता और स्थिरता से समृद्धि की प्रेरक यात्रा तय की है। इसे प्रगति पथ पर आगे ले जाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर काम करने का संकल्प लेना चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Nov 2025 10:55 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story