समाज: बिहार सुरक्षा करने के साथ रिश्ते भी बचा रही पुलिस, एक महीने में 250 मामले सुलझाए

बिहार  सुरक्षा करने के साथ रिश्ते भी बचा रही पुलिस, एक महीने में 250 मामले सुलझाए
आमतौर पर देखा जाता था कि बिहार की महिलाएं थाना में जाकर शिकायत करने से झिझकती थी। लेकिन, अब प्रदेश की महिलाएं न केवल थाना में स्थापित महिला हेल्प डेस्क में बेझिझक अपनी शिकायत लेकर पहुंच रही हैं, बल्कि, उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान भी हो रहा है।

गोपालगंज, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। आमतौर पर देखा जाता था कि बिहार की महिलाएं थाना में जाकर शिकायत करने से झिझकती थी। लेकिन, अब प्रदेश की महिलाएं न केवल थाना में स्थापित महिला हेल्प डेस्क में बेझिझक अपनी शिकायत लेकर पहुंच रही हैं, बल्कि, उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान भी हो रहा है।

दरअसल, बिहार के थानों में 'महिला हेल्प डेस्क' महिलाओं की शिकायतों के लिए स्थापित किया गया है। यहां चौबीस घंटे महिला पदाधिकारी की तैनाती रहती है, जो किसी पीड़ित महिला को तुरंत हरसंभव कानूनी समेत अन्य सहायता मुहैया कराने में तत्परता से काम करती हैं।

बिहार की गोपालगंज पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, थाना में स्थापित 'महिला हेल्प डेस्क' ने पिछले एक महीने में 250 विवादों को सुलझाया है। शिकायतों के मिलने के बाद पुलिस बातचीत और सुलह के आधार पर भी विवादों का निष्पादन करा रही है।

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि गोपालगंज जिले से बाहर काम करने वाले लोगों की शिकायतें भी पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकती हैं। शिकायत आने के बाद तत्काल एक्शन लिया जाएगा और सात दिनों में निष्पादन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महिलाओं की शिकायत सिर्फ 'महिला हेल्प डेस्क' में ही दर्ज हो रही है। नवंबर महीने में महिलाओं ने विभिन्न थानों में अपनी शिकायतें दर्ज कराई है। इनमें से 250 महिलाओं को त्वरित न्याय मिला है। नगर थाना, सिधवलिया, गोपालपुर, महम्मदपुर, भोरे और कुचायकोट थाना क्षेत्र में ज्यादा मामले सामने आए हैं।

जानकारी के मुताबिक, 'महिला हेल्प डेस्क' महिलाओं को तंग करने वालों पर भी कार्रवाई करती है। एक मामले की जानकारी देते हुए बताया गया कि 'महिला हेल्प डेस्क' में एक महिला ने पहुंचकर बताया कि उसका पड़ोसी शराब बेचता है और उस पर गंदी नजर रखता है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर 42 लीटर शराब बरामद की और धंधेबाज को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   11 Dec 2024 7:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story