राजनीति: बिहार के गयाजी में 26 जुलाई को लोजपा (आर) की नव संकल्प महासभा, डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना

गयाजी, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजनीतिक सरगर्मी के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 26 जुलाई को गयाजी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में "नव संकल्प महासभा" का भव्य आयोजन करने जा रही है। इस महासभा में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
नव संकल्प महासभा को लेकर गांधी मैदान में विशाल पंडाल का निर्माण कार्य जोरों पर है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे एलजेपी (रामविलास) के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह सहित कई स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे मैदान का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, इस रैली में लगभग डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसको लेकर एक हजार से अधिक बसों की व्यवस्था की गई है, जबकि स्थानीय लोग पैदल ही ताशा, नगाड़ा और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ रैली स्थल तक पहुंचेंगे। रैली को जन उत्सव का रूप देने की तैयारी है।
राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह ने जानकारी दी कि यह नव संकल्प महासभा दरअसल पार्टी के 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' विजन को लेकर हो रहे कार्यक्रमों की एक कड़ी है। उन्होंने कहा कि यह हमारा पांचवां प्रमंडलीय कार्यक्रम है। चिराग पासवान जी की सोच है कि बिहार के हर कोने में जाकर विकास की अलख जगाई जाए। बिहार आज भी पीछे है और इसका कारण हमारी मौजूदा व्यवस्था है। हमारा उद्देश्य है कि हर विधानसभा में जनता से संवाद हो और उन्हें बताया जाए कि लोजपा (रामविलास) बिहार को विकसित राज्य कैसे बना सकती है।
अरविंद सिंह ने कहा कि यह सभा आगामी 2025 विधानसभा चुनावों की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि एनडीए के साथ मिलकर 225+ सीटें हासिल की जाएं और जहां लोजपा (रामविलास) चुनाव लड़ेगी, वहां 100 फीसदी जीत का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि इस कार्यक्रम में गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, औरंगाबाद और अरवल सहित पूरे मगध प्रमंडल से भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, युवा साथी, पदाधिकारी और आम जनता शामिल होंगे। सभी वर्गों और समुदायों से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 July 2025 5:49 PM IST