राजनीति: अमित शाह का आरोप, कहा- 'नेहरू ने अक्साई चिन का 30 हजार वर्ग किमी का हिस्सा चीन को दिया'

अमित शाह का आरोप, कहा- नेहरू ने अक्साई चिन का 30 हजार वर्ग किमी का हिस्सा चीन को दिया
लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर मंगलवार को भी चर्चा जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा के दौरान कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व पीएम नेहरू ने 30 हजार वर्ग किमी 'अक्साई चिन' चीन को दे दिया।

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर मंगलवार को भी चर्चा जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा के दौरान कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व पीएम नेहरू ने 30 हजार वर्ग किमी 'अक्साई चिन' चीन को दे दिया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान अक्साई चिन के 30 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को चीन को सौंपने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने भारत-चीन के बीच हुए युद्ध का जिक्र करते हुए कहा, "1962 में चीन के साथ युद्ध में क्या हुआ? 30 हजार वर्ग किलोमीटर अक्साई चिन चीन को दे दिया गया।"

शाह ने नेहरू के अक्साई चिन के बारे में दिए गए बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "इस तरह की चर्चा उस दौरान सदन में भी हुई। उस पर सदन में जवाहर नेहरू ने कहा कि वहां घास का एक तिनका नहीं उगता, उस जगह का क्या करेंगे? नेहरू जी का सिर मेरे जैसा था। एक संसद सदस्य (त्यागी जी) ने कहा कि आपके (नेहरू) सिर पर भी एक भी बाल नहीं है, तो क्या उसे भी चीन को दे दें?"

शाह ने यह भी दावा किया कि नेहरू ने आकाशवाणी पर असम को 'बाय-बाय' कह दिया था। इस बयान पर कांग्रेस सांसदों ने सदन में जमकर हंगामा और नारेबाजी की। जवाब में शाह ने कहा, "जोर से बोलकर सच को छिपाया नहीं जा सकता।"

अमित शाह यहीं नहीं रुके। उन्होंने नेहरू के एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि अमेरिका ने भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता का प्रस्ताव दिया था, लेकिन नेहरू ने इसे ठुकरा दिया।

शाह ने लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा, "नेहरू का कहना था कि इससे भारत-चीन संबंध खराब होंगे और चीन जैसे महान देश को बुरा लगेगा। आज चीन सुरक्षा परिषद में है और भारत बाहर है। इसके लिए पीएम मोदी प्रयास कर रहे हैं। इसका कारण जवाहर लाल नेहरू का ये स्टैंड है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 July 2025 2:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story