राजनीति: मध्य प्रदेश नितिन गडकरी 23 अगस्त को जबलपुर में फ्लाईओवर का करेंगे उद्घाटन

मध्य प्रदेश नितिन गडकरी 23 अगस्त को जबलपुर में फ्लाईओवर का करेंगे उद्घाटन
मध्य प्रदेश की संस्कारधानी के तौर पर पहचाने जाने वाले जबलपुर को शनिवार को प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर की सौगात मिलने वाली है। फ्लाईओवर शुरू होने पर 40 से 45 मिनट का रास्ता मात्र 6 से 8 मिनट में पूरा होगा।

जबलपुर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी के तौर पर पहचाने जाने वाले जबलपुर को शनिवार को प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर की सौगात मिलने वाली है। फ्लाईओवर शुरू होने पर 40 से 45 मिनट का रास्ता मात्र 6 से 8 मिनट में पूरा होगा।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव 23 अगस्त, यानी शनिवार को प्रदेश के सबसे बड़े और अत्याधुनिक फ्लाईओवर की सौगात देंगे। यह शहर को नए यातायात स्वरूप में महानगरीय पहचान देगा।

जबलपुर में 1052 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित 6.855 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर है। इस फ्लाईओवर का सबसे बड़ा तकनीकी आकर्षण रेल मार्ग के ऊपर निर्मित 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज है। इस परियोजना में कुल तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज भी शामिल किए गए हैं। इनमें से दो पुल रानीताल क्षेत्र में और एक पुल बलदेवबाग क्षेत्र में बनाए गए हैं। ये पुल पूरी तरह स्टील से निर्मित हैं और प्रत्येक की लंबाई लगभग 70 मीटर है।

आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों से निर्मित यह संरचना न सिर्फ जबलपुर, बल्कि पूरे देश के लिए एक अद्वितीय और प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करती है। यातायात की दृष्टि से यह फ्लाईओवर क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।

जहां पहले मदनमहल से दमोह नाका तक पहुंचने में 40 से 45 मिनट का समय लगता था, अब फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यह दूरी मात्र 6 से 8 मिनट में तय हो जाएगी। इससे न सिर्फ समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि शहर में प्रदूषण का स्तर भी घटेगा। व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, नागरिकों की दैनिक जीवनशैली सरल होगी और जबलपुर एक नए यातायात मॉडल के रूप में देश के अन्य शहरों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

यह परियोजना जबलपुर की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के बीच आधुनिकता का संगम प्रस्तुत करती है। यह स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए बेहतर आवागमन और जीवनशैली सुनिश्चित करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Aug 2025 11:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story