मध्य प्रदेश में 7 नवंबर को 150 स्थानों पर होगा वंदे मातरम का वाचन

मध्य प्रदेश में 7 नवंबर को 150 स्थानों पर होगा वंदे मातरम का वाचन
राष्ट्रगीत वंदे मातरम की रचना को सात नवंबर को 150 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने वंदे मातरम 150 अभियान का आयोजन किया है। इस दौरान प्रदेश में 150 स्थानों पर वंदे मातरम वाचन होगा।

भोपाल, 5 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रगीत वंदे मातरम की रचना को सात नवंबर को 150 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने वंदे मातरम 150 अभियान का आयोजन किया है। इस दौरान प्रदेश में 150 स्थानों पर वंदे मातरम वाचन होगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम’ वह राष्ट्रगीत है, जिसने आजादी के आंदोलन के दौरान लाखों भारतीयों को देशभक्ति, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत किया। सात नवंबर, 2025 को बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित 'वंदे मातरम' अपनी रचना के 150 वर्ष पूर्ण कर रहा है। भाजपा इस गीत की वर्षगांठ को देश और प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास के साथ ही विरासत को संजोने का कार्य कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने आगे कहा कि ‘वंदेमातरम-150’ केवल शब्द नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जिसने हमें स्वाधीनता का स्वप्न देखने और उसे साकार करने की प्रेरणा दी। भाजपा इस गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मना रही है, जो केवल एक दिन का नहीं, बल्कि सात से 26 नवंबर (संविधान दिवस) तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी उत्सव होगा, जिसमें हर जिले और हर शैक्षणिक संस्थान की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वंदे मातरम (अपने मूल स्वरूप में) का वाचन प्रदेश के 150 स्थानों पर, कम से कम 150 व्यक्तियों द्वारा किया जाएगा। इस पूरे अभियान में सेमिनार, प्रदर्शनी, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, सोशल मीडिया अभियान और लेखन गतिविधियां होंगी, ताकि युवाओं तक इस गीत का संदेश पहुंचे।

उन्‍होंने कहा कि प्रदेशभर में यह कार्यक्रम एक साथ शुरू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के शौर्य स्मारक में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, मध्य प्रदेश शासन के मंत्रीगण प्रदेश के 10 संभागों में जनता के साथ जुड़कर इस गीत से अभिव्यक्त होने वाली राष्ट्रभावना सशक्त बनाएंगे।

एसआईआर को लेकर खंडेलवाल ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस के शासनकाल में भी चुनाव आयोग द्वारा (एसआईआर) अभियान चलाया जाता रहा है। एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है, लेकिन लगातार चुनावों में मिल रही हार की खीझ उतारने कांग्रेस नेता राहुल गांधी आरोप लगा रहे हैं। चुनाव आयोग द्वारा सही मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने और गलत तरीके से जुड़े नामों को हटाने के लिए ही एसआईआर अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्य में तो कांग्रेस सहित सभी दलों को चुनाव आयोग का साथ देना चाहिए। चुनाव आयोग लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए ही एसआईआर कर रहा है। कांग्रेस जहां चुनाव हार जाती है, वहां इस प्रकार के भ्रामक आरोप लगाती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Nov 2025 10:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story