उत्तर प्रदेश के एटीएस कमांडो ने रचा इतिहास, नेपाल की 7,126 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा

उत्तर प्रदेश के एटीएस कमांडो ने रचा इतिहास, नेपाल की 7,126 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा
उत्तर प्रदेश के लाल ने नेपाल की बर्फीली चोटियों पर तिरंगा लहराकर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। हम बात कर रहे हैं उन्नाव जिले के बिझलामऊ गांव के रहने वाले और उत्तर प्रदेश पुलिस के एटीएस कमांडो आशीष दीक्षित की, जिन्होंने नेपाल के मनांग जिले में स्थित 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल पर्वत पर भारतीय ध्वज फहराया है।

उन्नाव, 7 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लाल ने नेपाल की बर्फीली चोटियों पर तिरंगा लहराकर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। हम बात कर रहे हैं उन्नाव जिले के बिझलामऊ गांव के रहने वाले और उत्तर प्रदेश पुलिस के एटीएस कमांडो आशीष दीक्षित की, जिन्होंने नेपाल के मनांग जिले में स्थित 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल पर्वत पर भारतीय ध्वज फहराया है।

3 नवंबर 2025 की रात जब तापमान माइनस 25 डिग्री तक पहुंच गया था, चारों ओर बर्फीला तूफान था और हर पल हिमस्खलन का खतरा मंडरा रहा था, तब कमांडो आशीष ने अपने जज्बे और हिम्मत से वह कर दिखाया जो बहुत कम लोग कर पाते हैं।

15 अक्टूबर से शुरू हुए इस कठिन पर्वतारोहण अभियान में हर कदम पर चुनौतियां थीं। कभी तेज हवाएं, कभी ऑक्सीजन की कमी, तो कभी खड़ी बर्फीली ढलानें, लेकिन आशीष ने कभी हार नहीं मानी। उनके हौसले आसमान से भी ऊंचे थे। आखिरकार उन्होंने 7,126 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचकर भारत का तिरंगा फहराया और उन्नाव का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।

हिमलुंग हिमाल कोई आम पहाड़ नहीं है। ये नेपाल-तिब्बत की सीमा पर स्थित पेरी हिमाल रेंज का हिस्सा है और इसे दुनिया की सबसे कठिन चोटियों में गिना जाता है। हर साल गिने चुने पर्वतारोही ही इसे फतह कर पाते हैं, लेकिन कमांडो आशीष दीक्षित के लिए ये पहली बार नहीं था जब उन्होंने ऐसी ऊंचाइयां छुईं।

इससे पहले वे कई बड़ी चोटियों को फतह कर चुके हैं। माउंट किलिमंजारो (अफ्रीका), माउंट एल्ब्रुस (रूस), कांग यात्से, स्टोक कांगरी, माउंट यूनाम, गरुड़ चोटी, बी.सी. रॉय पीक, केदारकंठा और नाग टिब्बा हर जगह उन्होंने तिरंगे का मान बढ़ाया है।

वर्ष 2020 में उनके साहस और उत्कृष्ट सेवा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक ने उन्हें ‘रजत पदक’ से सम्मानित किया था। फिलहाल आशीष दीक्षित लखनऊ स्थित एसपीओटी (विशेष पुलिस संचालन दल) में फिजिकल ट्रेनर के तौर पर कार्यरत हैं, जहां वे पुलिस जवानों को फिटनेस, अनुशासन और देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Nov 2025 3:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story