बॉलीवुड: अनिल कपूर ने बढ़ाया जवानों का जोश, 'भारत भूलता नहीं है, माफ भी नहीं करता'

मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। दिग्गज बॉलीवुड स्टार अनिल कपूर ने भारत की एकता और मजबूती पर गर्व जताया है। उन्होंने कहा कि भले ही देश के अंदर अलग-अलग मतभेद हों, लेकिन जब बात सेना की होती है, तो पूरा देश एकजुट होकर उनके साथ खड़ा होता है।
अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारतीय सेना की बहादुरी के नाम एक पोस्ट शेयर किया और कहा कि भारत किसी भी खतरे का डटकर जवाब देता है।
उन्होंने लिखा, ''जो करने की जरूरत थी, वही किया गया। ऐसा कौन-सा परिवार है, जिनके सदस्यों के बीच मतभेद नहीं होते, लेकिन जब बात देश की आती है, तो हम सब एक हैं। हमेशा से रहे हैं और हमेशा रहेंगे। अपनी सशस्त्र सेनाओं के प्रति आभारी हूं कि वे बहादुरी से डटकर मुकाबला करते हैं। भारत भूलता नहीं है। भारत माफ नहीं करता है। जय हिंद...जय हिंद की सेना!''
वहीं अन्य हस्तियां भी सेनाओं का हौसला बढ़ा रही हैं।
हाल ही में पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''भारत केवल एक देश नहीं है, यह एक भावना है, एक अहसास है जो लोगों को दिल से जोड़ता है। एकता का बंधन है जो जाति, धर्म, भाषा या पृष्ठभूमि से परे है। हम सभी पहले भारतीय हैं, और हमारी एकता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम भारत के लोग अपनी सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। अगर कभी जरूरत पड़ी, तो हर भारतीय उनके साथ खड़ा होगा, न सिर्फ भावनात्मक रूप से, बल्कि वास्तविक कार्रवाई में भी। चाहे जो करना पड़े।''
उन्होंने कहा, ''आइए याद रखें: हमारी विविधता हमारी सुंदरता है, लेकिन हमारा राष्ट्र हमेशा पहले आता है। हमें कभी भी भारत को तोड़ने या उसका अपमान करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करना चाहिए। यह देश उन्हीं का है जो इसे प्यार और वफादारी से सम्मान देते हैं।'' उन्होंने अपने इस पोस्ट पर कैप्शन में लिखा, ''आइए एकजुट हों, एक राष्ट्र के रूप में एक साथ रहें। गर्वित भारतीय।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 May 2025 1:19 PM IST