11 हजार करोड़ के नुकसान के दावे पर सीपीआई का पलटवार, कहा- दिल्ली सिर्फ व्यापारियों की नहीं

नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। रैली के कारण व्यापारियों को 11 हजार करोड़ रुपए के नुकसान के दावे और भीड़ दिखाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार तस्वीरों के इस्तेमाल के आरोपों पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के सांसद पी संतोष कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने व्यापारियों के संगठन की ओर से दिल्ली के उपराज्यपाल को लिखे पत्र पर सवाल उठाए और भाजपा नेताओं के आरोपों को भी खारिज किया। सीपीआई सांसद ने कहा कि रामलीला मैदान में हुई रैली शानदार थी और उसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।
ऑल इंडिया ट्रेडर्स कॉन्फेडरेशन की ओर से दिल्ली के उपराज्यपाल को पत्र लिखकर प्रदर्शन स्थल को दिल्ली से बाहर स्थानांतरित करने की मांग किए जाने पर संतोष कुमार ने कहा कि इस मांग का कोई मतलब नहीं है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही इस मामले में आदेश दे चुका है। रामलीला मैदान सभी के लिए है, जबकि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। रामलीला मैदान में हुई शानदार रैली को देखने के बाद कुछ लोगों को गुस्सा आया होगा, इसलिए इस तरह का पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल व्यापारियों की जगह नहीं है, बल्कि पूरे देश की जनता की जगह है। ऐसे में कुछ लोग इतना बड़ा आदेश देने की मांग कैसे कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन नोटिफिकेशन और डी-नोटिफिकेशन के आधार पर नहीं चलते, बल्कि जनता की भागीदारी से चलते हैं। संतोष कुमार ने प्रदर्शन स्थल बदलने की मांग की निंदा की।
दिल्ली के व्यापारी संघ की ओर से इंडिया गठबंधन की रैली के कारण 11 हजार करोड़ रुपए के नुकसान का दावा किए जाने पर सांसद ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस दावे को करने वाले लोगों को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय जाकर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने इसके पीछे दो कारण बताए। पहला कारण मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा कार्यालय के बड़े पदाधिकारी इस मामले को सुलझाने के लिए काम करें तो समस्या का समाधान हो सकता है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर सीईसी को अपने नियंत्रण में रखने का आरोप भी लगाया। वहीं, दूसरे कारण के रूप में उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को जाकर यह समझाना चाहिए कि रामलीला मैदान में लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे और रैली बहुत शानदार रही।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से कांग्रेस पर रैली में भारी भीड़ दिखाने के लिए एआई से तैयार फर्जी तस्वीर इस्तेमाल करने का आरोप लगाए जाने पर संतोष कुमार ने इसे रिजिजू का मजाक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को देश में क्या हो रहा है, इसकी प्राथमिक जानकारी भी नहीं है। सांसद ने दावा किया कि रैली के दिन दिल्ली में लोगों का ऐसा हुजूम था, जैसे पूरी दिल्ली इंसानों के समुद्र में बदल गई हो। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी भीड़ देखने के बाद भी इस तरह के आरोप लगाना समझ से परे है।
संतोष कुमार ने रिजिजू की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को सदन में होने वाली गतिविधियों और पेश किए जाने वाले विधेयकों की जानकारी तक नहीं थी। रिजिजू सर्वदलीय बैठक में भी बातें करते हैं, लेकिन उन्हें वास्तविक स्थिति की समझ नहीं होती।
भाजपा सांसद संबित पात्रा के उस बयान पर भी संतोष कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने रामलीला मैदान में कुर्सियां खाली होने और 40 प्रतिशत जगह खाली रहने का दावा किया था। पात्रा ने राहुल गांधी से सवाल किया था कि रैली में शामिल होने वाले 10 लाख लोग कहां थे। इस पर संतोष कुमार ने संबित पात्रा के लिए तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनके बयानों का कोई खास मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि लोग सुबह नौ बजे से ही रैली में पहुंचने लगे थे। दोपहर बाद तीन-चार बजे कुछ लोग वापस गए होंगे, लेकिन मैदान के बाहर भी करीब दो किलोमीटर तक लोगों की भीड़ मौजूद थी।
सांसद ने कहा कि रामलीला मैदान के अंदर कुर्सियों को लेकर चाहे जो दावा किया जाए, रैली के बाहर उमड़ी भीड़ को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसे शानदार रैली बताते हुए कहा कि वहां इंसानों का समुद्र दिखाई दे रहा था और पूरी दुनिया का ध्यान दिल्ली की ओर था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
