9,228 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात, जेवर अब ‘मंगलराज’ का प्रतीक सीएम योगी
ग्रेटर नोएडा, 27 जून (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना सिटी और नोएडा क्षेत्र की कुल 9,228 करोड़ रुपए की औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) में 6,750 करोड़ रुपए के निवेश वाली तीन प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
इन परियोजनाओं में एम्बर ग्रुप और दक्षिण कोरिया की एक कंपनी के संयुक्त उपक्रम सहित कई बड़े निवेश शामिल हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि जिन इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स का भारत अब तक विदेशों से आयात करता था, अब उन्हें उत्तर प्रदेश में ही निर्मित कर दुनिया के विभिन्न देशों में निर्यात करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट निर्माण का सबसे बड़ा हब बनाने के लिए निवेशकों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा, "कभी जंगलराज के लिए बदनाम रहा जेवर आज मंगलराज का प्रतीक बन गया है।" सीएम योगी ने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के विकास की नई पहचान बन रहा है और जल्द ही यहां से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होंगी। इससे न केवल क्षेत्र का औद्योगिक विकास होगा, बल्कि लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान नकारात्मक कारणों से होती थी, लेकिन आज वही प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल हो चुका है। सरकार की सिंगल विंडो व्यवस्था और निवेशक अनुकूल नीतियों के कारण बड़ी संख्या में कंपनियां प्रदेश में निवेश कर रही हैं।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल निर्माण का बड़ा केंद्र बन चुका है और ग्रेटर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक्स पार्ट्स के उत्पादन में देश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल हो गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Jun 2026 4:49 PM IST












