'आपका प्रदर्शन लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है,' देवजीत सैकिया ने 'नमन अवॉर्ड्स' के विजेताओं को बधाई दी

आपका प्रदर्शन लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है, देवजीत सैकिया ने नमन अवॉर्ड्स के विजेताओं को बधाई दी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सोमवार को 'बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स' के सभी विजेताओं को बधाई दी। सैकिया ने कहा है कि इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन, समर्पण और जुनून लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है।

नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सोमवार को 'बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स' के सभी विजेताओं को बधाई दी। सैकिया ने कहा है कि इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन, समर्पण और जुनून लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है।

देवजीत सैकिया ने इन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स के सभी विजेताओं को बधाई। आपका प्रदर्शन, समर्पण और जुनून भारतीय क्रिकेट के स्तर को लगातार ऊपर उठा रहा है और लाखों लोगों को प्रेरित कर रहा है। सभी अवॉर्ड पाने वालों को और अधिक सफलता की कामना, ताकि वे भारतीय क्रिकेट को और भी ऊंचाइयों पर ले जा सकें।"

बीसीसीआई सेक्रेटरी ने पोस्ट के साथ समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "बीती शाम भारतीय क्रिकेट की सफलता और गौरव का जश्न मनाया।"

बीसीसीआई ने 'बीसीसीआई नमन अवॉर्ड्स 2026' में भारतीय क्रिकेट की शानदार उपलब्धियों का जश्न मनाया। इस समारोह में अंतरराष्ट्रीय, घरेलू और आयु-वर्ग क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन हस्तियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट में लंबा और महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

पूर्व क्रिकेटर रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को भारतीय क्रिकेट में उनके लंबे योगदान के लिए प्रतिष्ठित कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला। वहीं, भारत की पूर्व महिला कप्तान मिताली राज को देश में महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनके अहम योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया।

अन्य अवॉर्ड विजेताओं में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल शामिल थे, जिन्हें 2024-25 सीजन के लिए पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला। स्मृति मंधाना को पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (महिला) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

भारतीय महिला टीम की सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और हाल ही में अंडर-19 विश्व कप विजेता कप्तान आयुष म्हात्रे को 2024-25 के घरेलू सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अवॉर्ड मिले। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंट्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मान्यता दी गई।

समारोह का एक मुख्य आकर्षण उन पांच भारतीय टीमों को सम्मानित करना था, जिन्होंने हाल ही में आईसीसी खिताब जीते हैं। इनमें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025, आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026, आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के साथ पुरुष और महिला आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप टूर्नामेंट में मिली जीत शामिल है। यह भारतीय क्रिकेट के लिए सफलता के एक ऐतिहासिक दौर को दर्शाता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 10:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story