अभिषेक और वरुण की जगह रिंकू और कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में शामिल करें सुनील गावस्कर

नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। खिताबी मुकाबले से पहले भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय है। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने अभिषेक शर्मा को फाइनल की प्लेइंग इलेवन से बाहर करने की सलाह दी है।
सुनील गावस्कर ने कहा, "अभिषेक अपनी गलतियों से सीखते नजर नहीं आ रहे हैं। गेंदबाज लगातार एक ही क्षेत्र में गेंद डालकर उन्हें फंसा रहे हैं, लेकिन वह अपनी रणनीति में बदलाव नहीं कर पा रहे। उनके मुताबिक फाइनल जैसे बड़े मैच में टीम को स्थिरता और भरोसेमंद विकल्प चुनना चाहिए।"
गावस्कर ने कहा है कि टीम को संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत के लिए ईशान किशन को भेजना चाहिए और अभिषेक को टीम से बाहर कर उनकी जगह रिंकू सिंह को लाना चाहिए। रिंकू जैसे खिलाड़ी बड़े मैचों में दबाव झेलने की क्षमता रखते हैं।
इसके अलावा गावस्कर ने वरुण चक्रवर्ती की जगह कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की सलाह दी है। गावस्कर के मुताबिक नरेंद्र मोदी स्टेडियम की बड़ी बाउंड्री और सपाट पिच पर कुलदीप की स्पिन काफी प्रभावी साबित हो सकती है।
ग्रुप स्टेज में अच्छी गेंदबाजी करने वाले वरुण ने सुपर-8 और सेमीफाइनल में निराशाजनक गेंदबाजी की है। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वरुण ने 4 ओवर में 64 रन लुटा दिए थे।
अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। शुरुआती तीन मैचों में खाता खोलने में असफल रहे अभिषेक टूर्नामेंट के 7 मैचों में 12.71 की औसत से केवल 89 रन बना पाए हैं। इस दौरान जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने अपना एकमात्र अर्धशतक लगाया था और 30 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली थी।
देखना होगा कि फाइनल में भारतीय टीम सेमीफाइनल वाली प्लेइंग इलेवन के साथ ही खेलेगी या फिर बदलाव के साथ उतरेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 March 2026 9:25 AM IST












