अभिषेक बनर्जी का केंद्रीय बलों पर हमला, बंगाल चुनाव में हिंसा और दहशत फैलाने के आरोप
कोलकाता, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की भूमिका को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन केंद्रीय बल 'भाजपा की निजी सेना' की तरह काम कर रहे हैं।
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इन बलों को 'लाइसेंसशुदा गुंडों का गिरोह' बनाकर बंगाल की जनता पर छोड़ दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है और मतदाताओं के बीच भय का माहौल पैदा किया जा रहा है।
उन्होंने एक कथित घटना का जिक्र करते हुए बताया कि हावड़ा जिले के उदयनारायणपुर में एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने बेटे के साथ मतदान करने पहुंचे थे। बुजुर्ग की शारीरिक स्थिति कमजोर थी और वे बिना सहारे चल नहीं सकते थे। ऐसे में उनका बेटा उन्हें बूथ तक ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन केंद्रीय बलों ने दोनों के साथ धक्का-मुक्की की। बनर्जी के अनुसार, इस दौरान बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े और उन्हें तुरंत आमता अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि सुबह से ही केंद्रीय बल आम लोगों के बीच दहशत फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ मारपीट की जा रही है, बुजुर्गों पर हमले हो रहे हैं और यहां तक कि बच्चों को भी नहीं बख्शा जा रहा। बनर्जी ने इसे 2021 की 'शीतलकुची मानसिकता' करार देते हुए कहा कि उस समय भी निहत्थे नागरिकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 2021 में हुई घटनाओं की राजनीतिक कीमत भाजपा को चुकानी पड़ी थी और 2026 में यह कीमत और अधिक भारी हो सकती है। बनर्जी ने यह भी कहा कि इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए गंभीर खतरा है और इससे राज्य की शांति एवं व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अपने संदेश में उन्होंने केंद्रीय बलों के जवानों को भी चेतावनी दी कि वे कानून से ऊपर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कथित बर्बरता में शामिल हर व्यक्ति की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अंत में उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस तरह की दहशत और दबाव की राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी और राज्य के सम्मान व अधिकारों की रक्षा करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 April 2026 6:44 PM IST












