अभियंता दिवस पर योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भारत रत्न विश्वेश्वरैया को किया याद और दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री ने इंजीनियर्स (अभियंता) दिवस पर अभियंताओं को बधाई दी है। इसके साथ ही 'भारत रत्न' डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, "आधुनिक भारत के निर्माण को अपनी प्रतिभा, तकनीकी कौशल और राष्ट्रसेवा से नई दिशा देने वाले महान अभियंता, 'भारत रत्न' डॉ. एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र के विकास को अपने ज्ञान और नवाचार से गति देने वाले सभी अभियंताओं को 'अभियंता दिवस' की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपकी मेधा से आकार लेता नया भारत ही विश्वेश्वरैया के स्वप्नों को सच्ची श्रद्धांजलि है।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पोस्ट में कहा, "महान अभियंता, 'भारत रत्न' डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर सादर नमन करता हूं एवं सभी अभियंताओं को 'राष्ट्रीय अभियंता दिवस' की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। डॉ. विश्वेश्वरैया ने अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और समर्पण से राष्ट्र निर्माण में जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, "महान अभियंता तथा भारत रत्न से सम्मानित डॉ. एम. विश्वेश्वरैया जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन! इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण में निरंतर समर्पित सभी कर्मठ अभियंताओं को अभियंता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! आपके तकनीकी दक्षता और दूरदर्शी सोच से भारत विकास के नए शिखरों को स्पर्श कर रहा है।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, "विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार से महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समस्त अभियंताओं को अभियंता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी ने अपनी असाधारण प्रतिभा, दूरदृष्टि और तकनीकी दक्षता से देश के इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंचाई, जल प्रबंधन एवं औद्योगिक विकास को नई दिशा दी। राष्ट्र निर्माण में आपका अतुलनीय योगदान सदैव हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में कहा, "भारत के नवनिर्माण को नई दिशा देने वाले महान अभियंता एवं ‘भारत रत्न’ डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। अपनी प्रतिभा, परिश्रम और तकनीकी कौशल से राष्ट्र निर्माण को गति देने वाले सभी कर्मठ अभियंताओं को ‘अभियंता दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।"
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और तरक्की में असाधारण योगदान देने वाले और एक स्थायी विरासत छोड़ने वाले 'इंजीनियरिंग के जनक', भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को उनकी जयंती पर नमन!"
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने एक्स पर पोस्ट किया, "सर एम. विश्वेश्वरैया की असाधारण विरासत को याद करते हुए—एक ऐसे दूरदर्शी व्यक्ति जिनकी जल प्रबंधन, बांध डिज़ाइन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में प्रतिभा ने आधुनिक भारत की नींव रखी। 1955 में भारत रत्न से सम्मानित, सटीकता और अनुशासित काम के प्रति उनका समर्पण हर जगह इंजीनियरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। इनोवेशन और समस्याओं के समाधान के जरिए भविष्य को आकार देने वाले सभी इंजीनियरों को 'इंजीनियर्स डे' की शुभकामनाएं!"
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने एक्स पर जारी बयान में कहा, "प्रगति की हर बड़ी उपलब्धि के पीछे एक ऐसी सोच होती है जिसने उसकी कल्पना की और एक ऐसा इंजीनियर होता है जिसने उसे साकार किया। राष्ट्रीय इंजीनियर्स दिवस पर मैं भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हू। वे एक दूरदर्शी इंजीनियर और राष्ट्र-निर्माता थे, जिनकी असाधारण बुद्धिमत्ता, अनुशासन और समर्पण ने भारत की प्रगति में बहुत बड़ा योगदान दिया। उनका जीवन इस बात का सशक्त उदाहरण है कि इंजीनियरिंग का अर्थ केवल ढाँचे या संरचनाएं बनाना नहीं है, बल्कि समाधान खोजना, अवसर पैदा करना और राष्ट्र के भविष्य को आकार देना है।"
पवन कल्याण ने आगे कहा, "आज, मैं पूरे भारत के उन इंजीनियरों को नमन करता हूं, जिनके ज्ञान, नवाचार और दृढ़ संकल्प ने हमारे बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है, तकनीक को आगे बढ़ाया है और देश को और अधिक प्रगति की ओर अग्रसर किया है। विचारों से नवाचार तक। नवाचार से प्रगति तक। प्रगति से एक सशक्त भारत तक। राष्ट्रीय इंजीनियर्स दिवस पर सभी इंजीनियरों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Sept 2026 9:27 AM IST












